‘धूम’ के निर्देशक संजय गढ़वी का 56 साल की उम्र में निधन

मुंबई. फिल्म ‘धूम’ के निर्देशक संजय गढ़वी का रविवार सुबह यहां उनके आवास पर निधन हो गया. उनकी बड़ी बेटी संजीना ने यह जानकारी दी. वह 56 वर्ष के थे. गढ़वी का तीन दिन बाद 57वां जन्मदिवस था. उन्हें यशराज फिल्म्स की ‘धूम’ सीरीज की फिल्मों ‘धूम’ (2004) और ‘धूम 2’ (2006) के निर्देशन के लिए जाना जाता है. गढ़वी की बेटी के अनुसार निर्देशक ‘पूरी तरह स्वस्थ’ थे.

संजीना ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”आज सुबह साढ़े नौ बजे अपने आवास पर उनका निधन हो गया. हमें नहीं पता कि क्या हुआ, लेकिन संभवत? उन्हें दिल का दौरा पड़ा. उन्हें कोई समस्या नहीं थी, वह पूरी तरह से स्वस्थ थे.” गढ़वी ने 2000 में फिल्म ‘तेरे लिए’ से निर्देशन की शुरुआत की थी, जिसके बाद उन्होंने 2002 में ‘मेरे यार की शादी है’ बनाई, जो यशराज फिल्म्स के साथ उनकी पहली फिल्म थी.

उन्होंने अपने निर्देशन में बनी तीसरी एक्शन-थ्रिलर ‘धूम’ से सबका ध्यान आर्किषत किया, जिसने 2000 के दशक की शुरुआत में भारतीय युवाओं के बीच मोटरबाइकिंग को लोकप्रिय बना दिया. 2002 की ये फिल्म कबीर (जॉन अब्राहम) के नेतृत्व में मोटरबाइक लुटेरों के एक गिरोह और मुंबई पुलिस के अधिकारी जय दीक्षित (अभिषेक बच्चन) के बीच चूहे-बिल्ली के खेल की कहानी थी. जय इस गिरोह को रोकने के लिए एक मोटरबाइक डीलर अली (उदय चोपड़ा) के साथ मिलकर काम करता है. फिल्म में ईशा देओल और रिमी सेन भी थीं.

गढ़वी ने इसके सुपरहिट सीक्वल ‘धूम 2’ का भी निर्देशन किया. 2006 की फिल्म में बच्चन, चोपड़ा, ऋतिक रोशन, ऐश्वर्या राय बच्चन और बिपाशा बसु ने अभिनय किया था. फिल्म ‘धूम-3’ को विजय कृष्ण आचार्य ने निर्देशित किया था. 2013 की इस फिल्म में बच्चन, चोपड़ा, आमिर खान और कैटरीना कैफ थे. अभिषेक ने कहा कि वह अचानक गढ़वी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हैं.

गढ़वी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर कहा, ”संजू, जब मैंने पिछले हफ्ते आपसे बात की थी और हम अपनी शूटिंग और पुरानी यादों पर बात कर रहे थे तो मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे इस तरह की पोस्ट लिखनी पड़ेगी. मैं स्तब्ध हूं.” बिपाशा ने इंस्टाग्राम पर गढ़वी की एक तस्वीर साझा की और लिखा, ”मेरे दोस्त संजय गढ़वी आप बहुत जल्दी चले गये. ओम शांति.” फिल्म ‘हम तुम’ और ‘फना’ के निर्देशक कुणाल कोहली समेत कई फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर गढ़वी के निधन पर शोक व्यक्त किया है.

कोहली ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”यह बेहद चौंकाने वाला है. संजय गढ़वी की आत्मा को शांति मिले, आरआईपी. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे आपकी मृत्यु का संदेश लिखना पड़ेगा. वाईआरएफ में कई वर्षों तक एक कार्यालय और नाश्ता साझा किया, चर्चाएं कीं. आपकी याद आएगी मेरे दोस्त. इसे स्वीकार करना बहुत कठिन है.” गढ़वी की फिल्मों में ‘किडनैप’ (2008), ‘अजब गजब लव’ (2012) और ‘ऑपरेशन परिंदे’ शामिल हैं. 2020 में रिलीज हुई ‘ऑपरेशन परिंदे’ उनके निर्देशन में आखिरी फिल्म थी. गढ़वी के परिवार में उनकी बेटी संजीना के अलावा पत्नी व एक अन्य बेटी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button