रायपुर: प्रॉपर्टी डीलर के कर्मचारी से 10 लाख रुपये की लूट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 May 2022 09:49 PM
रायपुर: प्रॉपर्टी डीलर के कर्मचारी से 10 लाख रुपये की लूट

ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में प्रॉपर्टी डीलर के कर्मचारी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ 10 लाख रुपये लूटने का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि शहर के गंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत चूनाभट्टी इलाके में दोपहर लगभग डेढ़ बजे अज्ञात बदमाशों ने प्रॉपर्टी-डीलर के कर्मचारी (कैशियर) आकाश यादव से 10 लाख रुपये लूट लिये.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारी आकाश यादव ने पुलिस में सूचना दी है कि दोपहर लगभग डेढ़ बजे जब वह 10 लाख रुपये नगद जमा करने के लिए बैंक जा रहा था तब तीन अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला किया और उसके वाहन की डिक्की से 10 लाख रुपये लूट लिये.

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को जांच के लिए घटनास्थल भेजा गया तथा लुटेरों की तलाश शुरू की गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंज थाने की पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है.

By Yogesh Kumar Sahu