
बार्सिलोना. पॉप गायिका शकीरा कर धोखाधड़ी के एक मुकदमे के पहले दिन यहां सोमवार को स्पेनी अधिकारियों के साथ समझौता करने के लिए सहमत हो गईं. इससे वह जेल की सजा से बच गई हैं. शकीरा (46) ने मजिस्ट्रेट जोस मैनुएल डेल एमो से कहा कि उन्होंने अभियोजकों के साथ हुए समझौते को स्वीकार कर लिया है. गायिका ने स्पेन सरकार को 2012 से 2014 के बीच 1.45 करोड़ यूरो (1.58 करोड़ अमेरिकी डॉलर) का कर भुगतान करने में नाकाम रहने के मामले में छह आरोपों को स्वीकार करने का जवाब ‘हां’ में दिया.
समझौते के तहत, शकीरा को तीन साल की निलंबित सजा मिलनी है और करोड़ों यूरो का जुर्माना भरना होगा. महज आठ मिनट के बाद सुनवाई स्थगित कर दी गई. अभियोजकों ने जुलाई में कहा था कि वे अदालत से करीब आठ साल कैद की सजा का अनुरोध करेंगे और 2.4 करोड़ यूरो (2.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर) जुर्माना लगाने की भी मांग करेंगे.
शकीरा को कर धोखाधड़ी मामले में सोमवार को बार्सिलोना की अदालत में पेश होने के लिए समन भेजा गया था. यह मामला 2012 से 2014 की अवधि के दौरान शकीरा के रहने के स्थान पर आधारित है. बार्सिलोना में अभियोजकों ने आरोप लगाया है कि कोलंबियाई गायिका उस अवधि के दौरान आधे से अधिक समय स्पेन में रही थीं और इसलिए उन्हें देश में अपनी विश्वव्यापी आय पर कर का भुगतान करना चाहिए था, चाहे क्यों न अब तक उनका आधिकारिक निवास बहामास में हो. बहामास में कर की दरें स्पेन की तुलना में बहुत कम हैं.
शकीरा ने कर भुगतान नहीं करने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उन्होंने अपना सारा बकाया चुका दिया है. शकीरा की जनसंपर्क कंपनी ने कहा कि पॉप स्टार ने अपना सारा बकाया पहले ही चुका दिया है और अतिरिक्त 30 लाख यूरो (लगभग 3.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का ब्याज अदा कर दिया है.



