फिल्मों के जरिए आप असल जिंदगी के नायकों को सामने लाते हैं : फातिमा सना शेख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Nov 2023 07:40 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेत्री फातिमा सना शेख का कहना है कि फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की जीवनगाथा को लोगों तक पहुंचाए जाने की हकदार है. फातिमा को उम्मीद है कि सम्मानित युद्ध नायक के जीवन पर आधारित उनकी आगामी फिल्म ‘सैम बहादुर’ नयी पीढ़ी को प्रेरित करने का काम करेगी.

अभिनेता विक्की कौशल ‘सैम बहादुर’ में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है. फिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभा रहीं फातिमा ने कहा कि फिल्म में काम करना उनके लिए सीखने का अनुभव रहा. फातिमा ने कहा, ‘सैम बहादुर’ बहुत से लोगों तक पहुंचेगी. फिल्म अच्छा करने के साथ-साथ बहुत से लोगों को प्रेरित करेगी. एक पूरी पीढ़ी मानेकशॉ के बारे में नहीं जानती है, मैं खुद उनके बारे में नहीं जानती थी. ठीक है. फिल्मों के माध्यम से आप असल जिंदगी के नायकों को सामने लाते हैं.”

अभिनेत्री ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ”कभी-कभी आपको किसी दूसरे को यह विश्वास दिलाने की जरूरत होती है कि यह कहानी बताए जाने की जरूरत है और यह एक बहुत ही हिम्मत वाला काम है. यह एक महान शख्सियत वाला किरदार है, यह एक जिम्मेदारी है, जिसे आप उठा रहे हैं, इसमें बेहद खतरा है और हम इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं. ” फिल्म में इंदिरा गांधी के अपने किरदार के संदर्भ में फातिमा ने कहा कि वे इस किरदार को निभाने को लेकर बिल्कुल भी आश्वस्त नहीं थीं.

उन्होंने कहा, ”इस किरदार को निभाने के लिए मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं. लेकिन ईमानदारी से कहूं तो मुझे इस बात पर विश्वास करने में काफी वक्त लग गया कि मैं इस किरदार को निभा सकती हूं. मेघना ने मुझे बहुत समझाया लेकिन मैं नहीं मानी. हमने अतीत में बहुत से लोगों ये किरदार निभाते हुए देखा है लेकिन इस फिल्म में जो चीज मजेदार है वो ये कि मैं युवा इंदिरा गांधी का किरदार निभा रही हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu