हिमाचल प्रदेश विधानसभा के द्वार पर खालिस्तानी झंडे लगाने वाला व्यक्ति पंजाब से गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 May 2022 06:57 PM
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के द्वार पर खालिस्तानी झंडे लगाने वाला व्यक्ति पंजाब से गिरफ्तार

ऑडियो सुनें

शिमला. हिमाचल प्रदेश पुलिस ने धर्मशाला में राज्य की शीतकालीन विधानसभा के मुख्य द्वार पर खालिस्तान के झंडे लगाने और उसकी दीवारों पर नारे लिखने के मामले में बुधवार को पंजाब से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह जानकारी दी. व्यक्ति ने रविवार को कथित रूप से अलगाववादी समूह के झंडे वहां बांधे थे. इस कार्य की सभी राजनीतिक दलों ने ंिनदा की थी. मुख्यमंत्री ठाकुर ने कहा कि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.

ठाकुर ने बुधवार को यहां जारी एक बयान में मीडिया को पुलिस की सफलता के बारे में बताया. पुलिस ने सुबह पंजाब से हरवीर सिंह नामक शख्स को गिरफ्तार किया. उन्होंने कहा कि सिंह ने खालिस्तानी झंडा लगाने और धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर की बाहरी दीवार पर अलगाववादी नारे लिखने की बात कबूल की है.

ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने सिंह को गिरफ्तार करते समय सक्षम अदालत से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त करने के साथ सभी प्रक्रियाओं और कानून का पालन किया. हिमाचल प्रदेश पुलिस ने ‘सिख फॉर जस्टिस’ के नेता गुरपतवंत सिंह पन्नून के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
एसएफजे विदेश से संचालित एक चरमपंथी समूह है जो अलग खालिस्तान की मांग करता रहा है.

By Yogesh Kumar Sahu