विमान ईंधन की कीमत में 4.6 प्रतिशत की कटौती, वाणिज्यिक एलपीजी के दाम 21 रुपये बढ़े

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 01 Dec 2023 09:12 PM
विमान ईंधन की कीमत में 4.6 प्रतिशत की कटौती, वाणिज्यिक एलपीजी के दाम 21 रुपये बढ़े
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में शुक्रवार को 4.6 प्रतिशत की कटौती की गई. वहीं वाणिज्यिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) का दाम 21 रुपये बढ़ाया गया है. हालांकि, घरेलू इस्तेमाल वाले रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) का दाम 903 रुपये पर कायम रखा गया है.

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत में 5,189.25 रुपये या 4.6 प्रतिशत की कटौती की गई है. राष्ट्रीय राजधानी में एटीएफ का दाम 1,06,155.67 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है, जो पहले 1,11,344.92 रुपये प्रति किलोलीटर था.

विमान ईंधन की कीमतों में एक महीने में दूसरी बार कटौती की गई है. इससे पहले एक नवंबर को विमान ईंधन की कीमत में करीब छह प्रतिशत (6,854.25 रुपये प्रति किलोलीटर) की कटौती की गई थी. वहीं होटल तथा रेस्तरां जैसे प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल किए जाने वाले वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में 21 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. 19 किलोग्राम के एक वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत अब राष्ट्रीय राजधानी में 1,796.50 रुपये और मुंबई में 1,749 रुपये होगी.

पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार रिकॉर्ड 21वें महीने स्थिर बनी हैं. राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये प्रति लीटर है और डीजल की 89.62 रुपये प्रति लीटर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu