रणवीर सिंह को मिला रेड सी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में पुरस्कार, जॉनी डेप की तारीफों के बांधे पुल

नयी दिल्ली. अभिनेता रणवीर सिंह को सिनेमा में उनके योगदान के लिए रेड सी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में हॉलीवुड अभिनेता जॉनी डेप का आभार व्यक्त किया.

सऊदी अरब के जेद्दा में बृहस्पतिवार से शुरू हुए फिल्म महोत्सव में सिंह को इस साल के प्रतिष्ठित युस्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इस पुरस्कार की दौड़ में हॉलीवुड अभिनेत्री डायने क्रूगर और सऊदी अभिनेता-लेखक अब्दुल्ला अल-सदहान भी शामिल थे. हॉलीवुड अभिनेत्री शेरोन स्टोन ने सिंह को पुरस्कार प्रदान किया. सिंह ने समारोह में मौजूद डेप की प्रशंसा की.

इस मौके पर सिंह ने कहा, “एक पल के लिए मैं यहां लिखित भाषण से थोड़ा हटकर अपनी बात कहने जा रहा हूं. पर्दे पर मेरे आदर्शों में से एक यहां मौजूद हैं. देवियों और सज्जनों, मिस्टर जॉनी डेप. मेरे प्रिय सर, मैं ‘एडवर्ड सिजरहैंड्स’ और ‘व्हाट्स ईिंटग गिबर्ट ग्रेप’ के समय से आपके अभिनय का मुरीद हूं. आपकी मौजूदगी में यह पुरस्कार ग्रहण करना बेहद सम्मान की बात है. आपने अनजाने में मुझे कला के बारे में जो कुछ भी सिखाया है, उसके लिए धन्यवाद सर. अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाने में आपकी महारत से मैं बहुत प्रेरित हूं.” बृहस्पतिवार को आरंभ हुआ यह फिल्म महोत्सव नौ दिसंबर को समाप्त होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button