धनखड़ की ‘नकल’ को पिछड़ों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता का अपमान बताया नड्डा ने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Dec 2023 07:53 PM
धनखड़ की ‘नकल’ को पिछड़ों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेता का अपमान बताया नड्डा ने
ऑडियो सुनें

लखनऊ/नयी दिल्ली. विपक्षी सांसद द्वारा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की ‘नकल’ को पिछड़ों का प्रतिनिधित्व करने वाले और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को पूछा कि क्या भारत के लोग इस अपमान को बर्दाश्त कर सकते हैं.

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला करते हुए कहा कि जब सांसद उपराष्ट्रपति की नकल कर रहे थे तो वह वीडियो बना रहे थे. उन्होंने गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी सांसद रवि किशन के भोजपुरी स्टूडियो में कैमरापर्सन के लिए एक जगह खाली है और अगर वह (राहुल) इसके लिए परीक्षा देते हैं तो उनके नाम पर विचार किया जा सकता है.

संसद की सुरक्षा में सेंध की घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर हंगामा करने पर दोनों सदनों से 90 से अधिक विपक्षी सदस्यों को निलंबित कर दिया गया था. निलंबन के विरोध में विपक्षी सांसदों ने कल मंगलवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया और सदन की ‘मॉक कार्यवाही’ का आयोजन किया था.

निलंबित सांसदों ने संसद के नए भवन के द्वार पर धरना दिया. इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति और लोकसभा के अध्यक्ष द्वारा, सदनों की कार्यवाही का संचालन किए जाने की नकल उतारी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, बनर्जी द्वारा कार्यवाही के संचालन की नकल उतारे जाने का मोबाइल फोन से वीडियो बनाते देखे गये थे .
बुधवार को बस्ती में आयोजित ‘सांसद खेल महाकुंभ’ में अपने संबोधन में नड्डा ने कहा,”कल आप लोगों ने संसद में देखा होगा, आप संसद में नेताओं को भेजते हो कि वे वाद-विवाद करें . लेकिन संसद में जिन लोगो को आप लोगो ने भेजा हैं, वे वाद-विवाद के बदले ‘जोकर’ का काम कर रहे हैं .” उन्होंने कहा,” सांसदों ने नकल करने का काम पकड़ लिया हैं . आपने देखा होगा कि एक सांसद भारत के उपराष्ट्रपति की नकल कर रहे थे जबकि उपराष्ट्रपति एक संवैधानिक पद है.”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर करारा हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा,”कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस घटना का वीडियो बना रहे हैं . भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बारे में कहा जाता है कि उसका सौ साल से ज्यादा का पुराना इतिहास है. लेकिन उसके नेता एक नकलची का वीडियो बना रहे हैं.” उन्होंने कहा,” हमारे उपराष्ट्रपति धनकड़ जी किसान पुत्र हैं, वह पिछड़ों के नेता हैं, वह जाट पुत्र हैं .”

नड्डा ने कहा, “राहुल गांधी को इस समय ओबीसी की याद नहीं आई. वह ‘पिछड़ों’ की बात करते थे. किसान का बेटा, जाट का बेटा, जो ओबीसी का प्रतिनिधित्व करता है, आज उसका अपमान किया जा रहा है और उसका मजाक उड़ाया जा रहा है. क्या भारत ऐसे लोगों को बर्दाश्त करेगा, क्या ऐसे लोगों के लिए राजनीति में कोई जगह होनी चाहिए .”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा,”आज उन्होंने (राहुल ने) कैमरामैन की नौकरी संभाल ली है. मैं गोरखपुर में हमारे सांसद रवि किशन जी से मिला और उन्होंने कहा कि उनके भोजपुरी स्टूडियो में एक कैमरामैन की जगह खाली है. अगर वह परीक्षा देते हैं, तो उनके नाम पर विचार किया जा सकता है.” नड्डा ने कहा, “वे (विपक्ष) कहते हैं ‘मोदी हटाओ’ (मोदी हटाओ) लेकिन मोदी जी देश को आगे बढ़ते हुए देखते हैं और इसके लिए काम करते हैं. इसलिए लोगों को उन लोगों को हटाना चाहिए जो हटाना चाहते हैं. इसलिए आप लोग मोदी हटाने वालों को 2024 में हटा दें और देश का विकास करने वाले मोदीजी को आगे बढ़ा दें .”

धनखड़ की नकल उतारे जाने की ‘बंदर की तरह’ रिकॉर्डिंग कर रहे थे राहुल गांधी: प्रवेश वर्मा

भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने बुधवार को दावा किया कि राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा नकल उतारे जाने के कृत्य की कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘बंदर की तरह’ रिकॉर्डिंग कर रहे थे.

तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी ने संसद के दोनों सदनों से विपक्षी सदस्यों के निलंबन के खिलाफ मंगलवार को संसद की सीढि.यों पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान धनखड़ की उपहासपूर्ण तरीके से नकल उतारी थी. इस दौरान राहुल गांधी को बनर्जी का वीडियो बनाते हुए देखा गया. इसके बाद बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया.

वर्मा ने संसद परिसर में ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत के दौरान इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ”विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन अपनी बुद्धि का स्तर दर्शा रहा है. यह अपनी हार नहीं पचा पा रहा. वे जानते हैं कि 2024 में भी केंद्र की सत्ता में भाजपा की वापसी होगी और नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे.” उन्होंने कहा, ”इस तरह उन्होंने कल अपनी हताशा दर्शाई. उनके नेता राहुल गांधी बंदर की तरह वीडियोग्राफी कर रहे थे. यह बड़ी अजीब बात थी. हमें दुख हुआ. मैं चाहता हूं कि पूरा ‘इंडिया’ गठबंधन उपराष्ट्रपति से माफी मांगे.”

धनखड़ की नकल: राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी, कल्याण बनर्जी की आलोचना की

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ का “अपमान” करने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी की बुधवार को कटु आलोचना की और उनके कृत्यों को भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं पर धब्बा करार दिया.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता धनखड़ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के सम्मान की परंपरा ”लोकतंत्र की जीवनी शक्ति” है. उन्होंने कहा, ”तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भारत के उपराष्ट्रपति एवं राज्य सभा के सभापति जगदीप धनखड़ का जिस निंदनीय तरीके से अपमान किया है, वह भारतीय लोकतांत्रिक परंपराओं पर एक काला धब्बा है.

सिंह ने कहा, ”सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के सम्मान की परंपरा लोकतंत्र की जीवनी शक्ति है परंतु दलगत विरोध को विद्वेष का रूप देकर संसदीय गरिमा का अवमूल्यन जिस निचले स्तर पर पहुंच रहा है, वह पूरे राजनीतिक वर्ग के लिए चिंता का विषय है. मैं संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के प्रति इस तरह के अमर्यादित व्यवहार की कड़े शब्दों में भर्त्सना करता हूं.”

तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी ने संसद के दोनों सदनों से विपक्षी सदस्यों के निलंबन के खिलाफ मंगलवार को संसद की सीढि.यों पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान धनखड़ की उपहासपूर्ण तरीके से नकल उतारी थी. इस दौरान राहुल गांधी को बनर्जी का वीडियो बनाते हुए देखा गया. इसे लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu