प्राग: विश्वविद्यालय में छात्र की गोलीबारी में 14 लोगों की मौत, तीन विदेशी नागरिकों समेत 25 घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Dec 2023 07:50 PM
प्राग: विश्वविद्यालय में छात्र की गोलीबारी में 14 लोगों की मौत, तीन विदेशी नागरिकों समेत 25 घायल
ऑडियो सुनें

प्राग. चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में स्थित विश्वविद्यालय में एक हथियारबंद छात्र द्वारा की गई गोलीबारी में 14 व्यक्तियों की मौत हो गई और तीन विदेशी नागरिकों समेत 25 लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. अंधाधुंध गोलियां बरसाकर सामूहिक नरसंहार करने की यह घटना हाल के वर्षों में चेक गणराज्य में हुए सबसे भयानक हमलों में से एक है.

चेक गणराज्य के गृह मंत्री विट राकुसन ने कहा कि प्राग में पुलिस ने रातभर काम किया और मारे गए सभी 14 लोगों की पहचान कर ली गई है. संगीत विज्ञान संस्थान ने पुष्टि की कि मृतकों में उसके प्रमुख लेंका हलावकोवा भी शामिल हैं. चेक गणराज्य के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि घायलों में संयुक्त अरब अमीरात के दो और नीदरलैंड के एक व्यक्ति समेत तीन विदेशी नागरिक शामिल हैं.

प्राग पुलिस प्रमुख मार्टिन वोंद्रासेक ने कहा कि यह गोलीबारी बृहस्पतिवार को चार्ल्स विश्वविद्यालय के कला संकाय में 24 वर्षीय छात्र ने की थी. अधिकारियों ने कहा कि बंदूकधारी छात्र की भी मौत हो गई है, लेकिन उसके नाम का खुलासा नहीं किया गया है. विट राकुसन ने कहा कि जांचकर्ताओं को हमलावर के किसी चरमपंथी विचारधारा या समूह से जुड़े होने का संदेह नहीं है.

वोंद्रासेक ने कहा कि पुलिस का मानना है कि बंदूकधारी ने बृहस्पतिवार को अपने गृहनगर होस्टौन में अपने पिता की हत्या की और वह खुद को भी मारने की योजना बना रहा था. होस्टौन प्राग के पश्चिम में स्थित है. वोंद्रासेक ने कहा कि प्राग में 15 दिसंबर को एक व्यक्ति व उसकी दो माह की बेटी की हत्या में भी बंदूकधारी के शामिल होने की आशंका है.

पुलिस प्रमुख ने कहा कि वह काफी मेधावी छात्र था और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था. उन्होंने कहा कि बंदूकधारी छात्र को गंभीर चोटे लगी थीं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उसने खुद को गोली मारी या मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से उसकी मौत हुई.
पुलिस ने कहा कि उसके घर की तलाशी में बंदूकधारी के घर से कई वैध आग्नेयास्त्र मिले हैं और गोलीबारी के दौरान भी वह कई भारी हथियारों से लैस था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu