इजराइल ने उत्तरी गाजा में बड़ी लड़ाई के समापन का संकेत दिया

यरुशलम/चानिया. हमास के खिलाफ युद्ध के चौथे महीने में प्रवेश करने के साथ इजराइली सेना ने संकेत दिया कि उसने उत्तरी गाजा में बड़ी लड़ाई समाप्त कर ली है और वहां हमास के सैन्य बुनियादी ढांचे को नष्ट करने का काम पूरा कर लिया है. इजराइली सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हगारी ने शनिवार देर रात कहा कि सेना वहां आगे भी फतह करती रहेगी, इजराइल-गाजा सीमा बाड़ पर सुरक्षा को मजबूत करेगी तथा क्षेत्र के मध्य और दक्षिणी हिस्सों पर ध्यान केंद्रित करेगी.

यह घोषणा अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की इजराइल यात्रा से पहले हुई. ब्लिंकन सहित अमेरिकी अधिकारियों ने बार-बार इजराइल से गाजा में अपने जबरदस्त हवाई और जमीनी हमले को कम करने तथा हमास नेताओं के खिलाफ अधिक लक्षित हमले का आग्रह किया है ताकि फलस्तीनी नागरिकों को होने वाले नुकसान को रोका जा सके.

हाल के दिनों में इजराइल पहले से ही उत्तरी गाजा में अपने सैन्य हमले को कम कर रहा था और क्षेत्र के दक्षिण में अपने आक्रमण पर जोर दे रहा था, जहां गाजा के 23 लाख फलस्तीनियों में से अधिकतर इजराइली हवाई हमलों के कारण भीषण मानवीय आपदा की स्थिति में फंसे हुए हैं. यह युद्ध दक्षिणी इजराइल पर हमास के सात अक्टूबर के हमले से शुरू हुआ था जिसमें चरमपंथियों ने लगभग 1,200 लोगों की हत्या कर दी थी और लगभग 250 लोगों को बंधक बना लिया था.

हमास नियंत्रित गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजराइल की जवाबी कार्रवाई में 22,700 से अधिक फलस्तीनी मारे गए और 58,000 से अधिक घायल हो गए. स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मारे गए लोगों में से लगभग दो-तिहाई महिलाएं और नाबालिग थे.

रविवार को दक्षिणी शहर खान यूनिस के नासिर अस्पताल में 12 बच्चों सहित 18 लोगों के शव लाए गए. ये लोग शनिवार देर रात इजराइली हमले में मारे गए थे. खान यूनिस शरणार्थी शिविर में एक घर पर हुए हमले में 50 से अधिक लोग घायल हो गए, जिसे दशकों पहले इजराइल के निर्माण को लेकर 1948 में हुए पश्चिम एशिया के युद्ध के शरणार्थियों को पनाह देने के लिए स्थापित किया गया था.
इजराइली सेना मध्य शहर दीर अल-बलाह में भी भीतर तक चली गई है जहां शनिवार को विमानों से गिराए गए पर्चों में चेतावनी दी गई कि उन्हें अपने घर खाली करने होंगे.

अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ जिसे एमएसएफ के नाम से जाना जाता है, ने कहा कि बढ.ते खतरे के कारण वह अपने चिकित्सार्किमयों और उनके परिवारों को दीर अल-बलाह के अल अक्सा शहीद अस्पताल से निकाल रही है. सैन्य प्रवक्ता हगारी ने कहा कि इजराइली सेना उत्तरी गाजा की तुलना में दक्षिण में अलग तरह से कार्रवाई करेगी, जहां भारी बमबारी और जमीनी लड़ाई ने पूरे शहर को तबाह कर दिया.

वेस्ट बैंक में व्यस्त चौराहे पर रविवार को एक इजराइली व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इसके कुछ घंटे बाद इजराइल के कब्जे वाले क्षेत्र में हिंसक टकराव हुआ, जिसमें सात फलस्तीनियों और इजराइल की अर्द्धसैन्य सीमा पुलिस के एक सदस्य की मौत हो गई. बचाव सेवा ‘मैगन डेविड एडोम’ ने कहा कि हमलावरों ने कार में व्यक्ति पर गोलीबारी की. सेंट्रल वेस्ट बैंक में घटनास्थल पर पहुंचे चिकित्सार्किमयों ने उस व्यक्ति को अपनी कार में बेहोश पाया.

इजराइली सेना ने कहा कि सुरक्षा बल हमलावर की तलाश में इलाके की तलाश कर रहे हैं. इजराइली मीडिया ने कहा कि सुरक्षा बलों को लावारिस अवस्था में एक कार मिली जिसका इस्तेमाल संभवत: हमले को अंजाम देने के लिए किया गया था और संदिग्ध पैदल भाग गया.

इजराइल-हमास युद्ध के बाद गाजा में एक ‘सकारात्मक’ भूमिका के लिए प्रतिबद्ध तुर्किये : ब्लिंकन

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शनिवार को कहा कि तुर्किये, इजरायल-हमास युद्ध के बाद गाजा में ‘सकारात्मक’ भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध और इस संघर्ष को और अधिक बढ़ने से रोकने के लिए क्षेत्र में अपने प्रभाव का उपयोग करने के लिए पूरी तरह से तैयार है.

अमेरिका के शीर्ष राजनयिक ने नये ‘मिडईस्ट’ मिशन के अंतर्गत तुर्किये और यूनान के साथ बातचीत शुरू की है, जो क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा के निर्माण की इच्छा रखने वाले सहयोगियों और साझेदारों के लिए कोई आसान काम नहीं था. मिस्र की अपनी यात्रा समाप्त करने से पहले ब्लिंकन मंगलवार और बुधवार को इजराइल और वेस्ट बैंक का दौरा करेंगे.

ब्लिकंन ने कहा कि उनकी प्राथमिकताएं नागरिकों की रक्षा करना है क्योंकि अब तक बहुत से फलस्तीनी मारे जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि इसके अलावा गाजा में ज्यादा से ज्यादा मानवीय सहायता पहुंचाना, यह सुनिश्चित करना कि हमास फिर से हमला न कर सके और क्षेत्र में फलस्तीनी नेतृत्व वाले शासन की रूपरेखा तैयार करना और इजराइल से सुरक्षा आश्वासन के साथ फलस्तीन देश बनाना उनकी शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा, कुल मिलाकर हमारा मुख्य लक्ष्य क्षेत्र में स्थायी शांति है और उनकी बातचीत इस बात पर केंद्रित होगी कि अमेरिकी सहयोगी और साझेदार उस प्रक्रिया में मदद करने के लिए क्या करने को तैयार हैं.

Related Articles

Back to top button