पांच सौ वर्षों के इंतजार के बाद बन रहा है राममंदिर, इस पर टिप्पणी करना बंद करे विपक्षी: ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jan 2024 09:46 PM
पांच सौ वर्षों के इंतजार के बाद बन रहा है राममंदिर, इस पर टिप्पणी करना बंद करे विपक्षी: ठाकुर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/रामपुर/बरेली. केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी दलों को अयोध्या में राम मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर टिप्पणी करना बंद कर देना चाहिए क्योंकि यह मंदिर 500 साल के लंबे इंतजार के बाद बन रहा है. ठाकुर ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भाजपा द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान के तहत मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर की साफ-सफाई में हिस्सा लिया.

विपक्षी दलों के इस आरोप के बारे में पूछे जाने पर कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने राम मंदिर में ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह को एक राजनीतिक आयोजन में बदल दिया है, ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, ”कुछ लोग मंदिर के निर्माण से अब भी खुश नहीं हैं.” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो मंदिर के निर्माण से दुखी हैं, कुछ लोग ऐसे हैं जो ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह से दुखी हैं और कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें राजनीति के कारण इस पर बयान देना पड़ता है.

उन्होंने कहा, ”मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि उन्हें इस पर टिप्पणी करना और बयान देना बंद कर देना चाहिए. अयोध्या में राम मंदिर 500 साल के इंतजार के बाद बना है और आगामी दिनों में देश एवं दुनिया भर से करोड़ों लोग इसके दर्शन करने जाएंगे.” ठाकुर ने कहा कि 22 जनवरी को भव्य ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के बाद राम मंदिर के दरवाजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे और इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी.

ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल ने भगवान राम को वर्षों तक अयोध्या में एक तंबू में रहने के लिए मजबूर किया और अब मंदिर मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने और भड़काने की कोशिश कर रही है. ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण में बाधाएं उत्पन्न करने का प्रयास किया, पहले बाबरी मस्जिद के पुर्निनर्माण का वादा करके और उसके बाद मंदिर निर्माण में देरी के लिए कई वकील खड़े करके.

भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर ने कहा, ”कांग्रेस ने हमें वर्षों तक भगवान राम को तंबू में रखने के लिए मजबूर किया. ये वही लोग हैं जिन्होंने भगवान राम और राम सेतु को काल्पनिक बताया था. फिर उन्होंने बाबरी मस्जिद के पुर्निनर्माण का वादा किया था.” उन्होंने कहा, ”करोड़ों राम भक्तों और कार्यकर्ताओं की भक्ति और संघर्ष के कारण 500 वर्षों से अधिक का इंतजार समाप्त हो रहा है.” ठाकुर ने कहा कि राम मंदिर में भगवान राम के विग्रह के प्राण प्रतिष्ठा मे केवल छह दिन बचे हैं और जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आ”ान किया है, पूरा देश भगवान राम की भक्ति में डूब गया है और मंदिरों की सफाई में लगा हुआ है.

ठाकुर ने कहा, ”यह उन लोगों के लिए एक करारा जवाब है जो यह सवाल कर रहे थे कि राम मंदिर का पुर्निनर्माण कब होगा. अब जब हमने तारीख, समय और स्थान बता दिया है और उन्हें निमंत्रण भी भेज दिया है, तो वे प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने से बचने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं.” ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने पहले दावा किया था कि उन्हें निमंत्रण नहीं मिला और जब उन्हें निमंत्रित किया गया तो विपक्षी दल कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के लिए अलग-अलग बहाने बना रहा है.

ठाकुर ने कहा, ”उन्होंने राम मंदिर के निर्माण में देरी की और अब वे लोगों को गुमराह करने और भड़काने की कोशिश कर रहे हैं.” केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा और दावा किया कि दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में मंदिर के पुजारियों का उत्पीड़न किया. ठाकुर ने कहा, ”ये वही लोग हैं, जिन्होंने राजनीति में आने से पहले भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा किया था. लेकिन आप ने सबसे भ्रष्ट सरकार दी. उनके उपमुख्यमंत्री, मंत्री और सांसद जेल में हैं.”

मोदी, शाह और योगी नहीं रहते तो अभी 500 वर्ष और रामलला को टेंट में रहना पड़ता : नकवी

वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह केंद्र में और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ (सत्ता में) नहीं होते तो अभी 500 साल और रामलला को टेंट में रहना पड़ता. एक बयान के अनुसार नकवी ने बरेली में “शुक्रिया मोदी भाई जान” कार्यक्रम में अल्पसंख्यकों को आगाह किया कि सरकार ने किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं किया इसलिए सत्तारूढ़ दल भाजपा के प्रति कोई अस्पृश्यता नहीं होनी चाहिए.

उन्होंने दावा किया कि मोदी ने साबित कर दिया है कि लोकतंत्र “वंशवादी प्रभुत्व और तुष्टिकरण” के बिना भी काम कर सकता है. नकवी ने कहा कि गरीब, पिछड़े और अल्पसंख्यक दंगों और आतंकवाद के सबसे बड़े शिकार थे लेकिन देश अब आतंक से मुक्त है, समाज का हर वर्ग शांति, सुरक्षा और समृद्धि के माहौल में आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ”जिस तरह से 500 साल से मुगलों ने, फिर अंग्रेजों ने, उसके बाद कांग्रेस ने राम मंदिर के मुद्दे को लटकाया, भटकाया और भ्रम का माहौल पैदा किया उससे एक बात बहुत स्पष्ट है कि इनकी भावना कभी भी अयोध्या के राम जन्मभूमि पर राम मंदिर के निर्माण की नहीं रही है.” नकवी ने कहा कि ” जिस तरह इन लोगों ने इस मुद्दे पर भय और भ्रम का माहौल पैदा करने की कोशिश की, ऐसे में अगर नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, केंद्र की सत्ता में नहीं होते और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सत्ता में नहीं होते तो अभी 500 साल और रामलला को टेंट में रहना पड़ता.” उन्होंने कहा, ”हमने देखा है कि जब शाहबानो के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया था तो उस फैसले को 1985 में निष्प्रभावी करने के लिए कांग्रेस ने संसद में संख्या बल का कितनी बुरी तरीके से दुरुपयोग किया. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu