शरद पवार पर ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट को लेकर मराठी अभिनेत्री के खिलाफ महाराष्ट्र में तीन और प्राथमिकी दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 May 2022 08:04 PM
शरद पवार पर ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट को लेकर मराठी अभिनेत्री के खिलाफ महाराष्ट्र में तीन और प्राथमिकी दर्ज
ऑडियो सुनें

ठाणे/मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार के बारे में सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के मामले में मराठी अभिनेत्री केतकी चितले के खिलाफ तीन और मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें दो मुंबई में और एक मामला अकोला जिले में दर्ज किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.

इससे पहले 29 वर्षीय टीवी अभिनेत्री के खिलाफ ठाणे, पुणे और धुले जिलों में आॅनलाइन पोस्ट के संबंध में मामले दर्ज किए गए थे.
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मुंबई में शनिवार को गोरेगांव और भोईवाड़ा पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए.’’ भोईवाड़ा में राकांपा की मुंबई इकाई की छात्र शाखा के अध्यक्ष अधिवक्ता प्रशांत शंकर दुते द्वारा दायर एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया.

वहीं, एक अन्य अधिकारी ने कहा कि अकोला में राकांपा की एक स्थानीय पदाधिकारी कल्पना गवरगुरु द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद चितले के खिलाफ खादन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई. इन थानों में भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि), 501 (मानहानि योग्य मामले को छापना या प्रकाशित करना), 505 (2) (वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या द्वेष को बढ़ावा देने वाले किसी भी बयान, अफवाह या रिपोर्ट को बनाना, बढ़ावा देना, प्रकाशित या प्रसारित करना), 153 ए (लोगों के बीच वैमनस्य फैलाना) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं.

ठाणे पुलिस ने चितले के खिलाफ कलवा थाने में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मामला दर्ज होने के बाद शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया था. ठाणे की एक अदालत ने रविवार को चितले को 18 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया. मराठी में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा लिखे गए पोस्ट, जिसे चितले ने कथित तौर पर शुक्रवार को फेसबुक पर साझा किया, में केवल उपनाम पवार और 80 वर्ष की आयु का उल्लेख किया गया था. राकांपा प्रमुख 81 वर्ष के हैं. पोस्ट में कथित तौर पर पवार का जिक्र करते हुए ‘‘नरक इंतजार कर रहा है’’ और ‘‘आप ब्राह्मणों से नफरत करते हैं’’ जैसे वाक्यांश लिखे थे. पवार की पार्टी शिवसेना और कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र में सत्ता में है.

पुणे में भी राकांपा कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर अभिनेत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस की साइबर शाखा ने चितले के खिलाफ भादंसं की धारा 153 (ए), 500 और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया है. उत्तरी महाराष्ट्र के धुले में राकांपा नेता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर चितले और उनके द्वारा साझा किए गए पोस्ट के कथित लेखक नितिन भावे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

शरद पवार के खिलाफ अभिनेत्री की आपत्तिजनक पोस्ट दुर्भाग्यपूर्ण है : अजित पवार

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को कहा कि वरिष्ठ नेता के खिलाफ ऐसी टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं. राकांपा नेता अजित पवार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह महाराष्ट्र का दुर्भाग्य है.’’ उन्होंने कहा कि संविधान ने नागरिकों को अभिव्यक्ति एवं स्वतंत्र भाषण की गारंटी दी है लेकिन लोगों को यह ध्यान रखने की आवश्यकता है कि वे क्या बोलते हैं और समाज पर इसका क्या असर पड़ा है.
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘शरद पवार (81) 60 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में रहे हैं. उन्होंने काफी आलोचनाओं और आरोपों का सामना करने के बावजूद कभी (दूसरों के खिलाफ) अभद्र टिप्पणियां नहीं कीं.’’ उन्होंने चिताले को ‘‘विकृत’’ बताया और शरद पवार के खिलाफ की गयी उनकी टिप्पणियों को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया.

राकांपा प्रमुख के खिलाफ पोस्ट: सुप्रिया बोलीं, विकृत मानसिकता समाज के लिए अच्छी नहीं

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सांसद सुप्रिया सुले ने रविवार को कहा कि विकृत मानसिकता समाज के लिए ठीक नहीं है. उन्होंने अपने पिता और राकांपा प्रमुख शरद पवार के बारे में मराठी अभिनेत्री केतकी चितले द्वारा कथित रूप से साझा किये गये आपत्तिजनक पोस्ट के मद्देनजर यह बात कही.

सुले ने नासिक में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं उन्हें नहीं जानती. यह संस्कृति का मुद्दा है. मैं मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस और मनसे प्रमुख राज ठाकरे की शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने ऐसी पोस्ट के खिलाफ आवाज उठाई.’’ यह पूछे जाने पर कि क्या वह चितले के खिलाफ राकांपा कार्यकर्ताओं के विरोध का समर्थन करती हैं, बारामती की सांसद ने कहा कि यह उस संस्कृति के बारे में है, जब कोई आपके माता-पिता और उनकी मौत चाहता है जिनको आप सार्वजनिक जीवन में आदर्श मानते हैं. सुले ने कहा कि विकृत मानसिकता समाज के लिए अच्छी नहीं है.

नवी मुंबई के कलम्बोली थाने के बाहर शनिवार को राकांपा की महिला शाखा की कार्यकर्ताओं ने चितले पर काली स्याही और अंडे फेंके थे. शिवसेना नेता और मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उम्र और वरिष्ठता का सम्मान करना चाहिए. पेडनेकर के मुताबिक अभिनेत्री ने कहा था कि वह बीमार थी.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu