कोचिंग संस्थान में अचानक बेहोश होने के बाद 20 वर्षीय छात्र की मौत, वीडियो प्रसारित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Jan 2024 08:50 PM
कोचिंग संस्थान में अचानक बेहोश होने के बाद 20 वर्षीय छात्र की मौत, वीडियो प्रसारित
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय एक छात्र की एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाई के दौरान हृदय संबंधी विकार के चलते अचानक बेहोश होने के बाद मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. छात्र के बेहोश होने की घटना कोचिंग संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर आ गया है.

इस वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि कोचिंग संस्थान में छात्र महज 30 सेकंड के भीतर बेहोश होकर टेबल पर गिर जाता है और उसके सहपाठी हक्का-बक्का रह जाते हैं. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि मृत छात्र की पहचान राजा लोधी (20) के रूप में हुई है और वह प्रदेश के सागर जिले का रहने वाला था.

उन्होंने बताया कि इंदौर के भंवरकुआं क्षेत्र के एक निजी कोचिंग संस्थान से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे लोधी की तबीयत कक्षा में पढ.ाई के दौरान बुधवार को अचानक बिगड़ी और एक नजदीकी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
उन्होंने बताया कि हृदय संबंधी विकार के चलते छात्र की मौत की जानकारी थाने में दर्ज की गई है और इस घटना की जांच की जा रही है.

छात्र का इलाज करने वाले हृदय रोग विशेषज्ञ महेंद्र चौरसिया ने बताया,”लोधी को बुधवार दोपहर हमारे अस्पताल में बेहोशी की हालत में लाया गया था. उसे जीवन रक्षक तंत्र पर रखा गया था. हमने 40 से 45 मिनट तक कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.” उन्होंने बताया कि ईसीजी रिपोर्ट देखकर लगता है कि 20 वर्षीय छात्र ”ब्रुगाडा सिंड्रोम” नाम के आनुवांशिक हृदय विकार से पीड़ित था, हालांकि उसकी मौत की वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो सकेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu