चंडीगढ़. रामलीला में भगवान हनुमान का किरदार निभा रहा व्यक्ति जब भगवान राम का किरदार निभा रहे व्यक्ति के चरणों में गिरा तो माहौल तालियों से गूंज उठा. दर्शकों को लगा बहुत बढि.या दृश्य प्रस्तुत किया गया लेकिन जब व्यक्ति को गिरे-गिरे बहुत लंबा समय हो गया तो मालूम हुआ कि 62 वर्षीय कलाकार की मौत हो चुकी है.
रामलीला कलाकार हरीश के बेटे सुमांश ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हरियाणा के भिवानी जिले में सोमवार को रामलीला मंचन के दौरान उनके पिता की मंच पर मौत हो गयी. अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में सोमवार को राज्य भर में कई जगहों पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसका हिस्सा रामलीला का मंचन भी था.
हरीश को अपनी प्रस्तुति के दौरान, भगवान राम का किरदार निभा रहे व्यक्ति के चरणों में झुकना था. इस दृश्य का मंचन करते समय हरीश भगवान राम का किरदार निभा रहे व्यक्ति के पैरों पर गिर पड़े. प्रस्तुति के हिस्से के रूप में एक गाना बजा और हरीश गिरते हुए दिखाई दिये. सभी को लगा हरीश भगवान राम का आशीर्वाद ले रहे हैं और दर्शकों ने तालियां बजानी शुरू कर दीं. लेकिन कुछ क्षण बाद लोगों को अहसास हुआ कि हरीश को दिल का दौरा पड़ा है. हरीश पिछले 25 वर्षों से हनुमान का किरदार निभाते आ रहे थे.
उन्हें हनुमान की वेशभूषा में ही एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. न्यू बासुकीनाथ रामलीला समिति के प्रमुख संजय पंवार ने कहा कि इस घटना ने सभी को सदमे में डाल दिया. हरीश का मंगलवार को भिवानी में अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस मौके पर भिवानी से पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक घनश्याम सर्राफ व पार्षद प्रतिनिधि विनोद चावला सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे. पंवार ने बताया कि हरीश हरियाणा सरकार के बिजली विभाग से सेवानिवृत हो चुके थे.