भाजपा ने खत्म किया राम मंदिर का मुद्दा, अब भागवत की ‘कलह खत्म करने’ की बात पर हो अमल : अंसारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 Jan 2024 08:35 PM
भाजपा ने खत्म किया राम मंदिर का मुद्दा, अब भागवत की ‘कलह खत्म करने’ की बात पर हो अमल : अंसारी
ऑडियो सुनें

अयोध्­या. राम जन्­मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में मुख्­य पक्षकार रहे इकबाल अंसारी का मानना है कि भाजपा ने अयोध्­या के मुद्दे को खत्­म कर दिया है और अब सभी को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की ‘सारे कलह’ को विदाई देने की नसीहत पर अमल करना चाहिये. उन्­होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा गरमाये गये राम मंदिर मुद्दे को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने खत्­म कर दिया है.

अंसारी ने आरोप लगाते हुए कहा, ”हमारे वालिद साहब (हाशिम अंसारी) जब जिंदा थे तो वह सबसे कहते रहे कि कांग्रेस ने बाबरी मस्जिद के अंदर मूर्ति रखवायी, कांग्रेस ने मस्जिद तुड़वायी, कांग्रेस ने दंगा करवाया, कांग्रेस ने ही मंदिर का शिलान्­यास कराया. हम तो कहते हैं कि इस हुकूमत (भाजपा सरकार) में तो कम हो रहा है. इस सरकार ने तो केवल इमारत ही बनवायी है, और कुछ नहीं हुआ. भाजपा ने तो राम मंदिर मुद्दे को खत्­म किया है.”

काशी और मथुरा का मुद्दा भी गरमाने के मुद्दे पर अंसारी ने कहा, ”मुल्­क में जब तक राजनीति जिंदा रहेगी, तब तक यह सब होता रहेगा. कांग्रेस ने क्­या किया? जो आज हो रहा है, वही कांग्रेस भी करती रही.” प्राण-प्रतिष्­ठा समारोह में राष्­ट्रीय स्­वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के भाषण की तारीफ करते हुए अंसारी ने कहा, ”भागवत जी ने बहुत अच्­छी बात कही. उन्होंने जो कहा है वह होना भी चाहिये. जरूरी यह है कि उस पर अमल भी हो.”

भागवत ने समारोह में नागरिकों को प्रेरित करते हुए कहा था, ”हमें सभी मतभेद त्याग कर, कलह खत्म कर छोटे छोटे मुद्दों पर लड़ना झगड़ना बंद करना होगा. हमें अपना अहंकार त्यागना होगा और एकजुट रहना होगा.” संघ प्रमुख ने कहा था कि ”सब घट में राम हैं, हमको यह जानकर आपस में समन्वय से चलना होगा. सब हमारे हैं, इसीलिए चल पाते हैं. आपस में मिलकर व्यवहार करना, यह धर्म का पहला सत्य आचरण है.”

अंसारी ने कहा, ”देश के मुसलमानों को अमन-चैन चाहिये. यह तबका ज्­यादा पढ़ा-लिखा नहीं है. उसे सरकारी नौकरी नहीं चाहिये. वह अपना छोटा-मोटा रोजगार करता है. जब दंगा-फसाद नहीं होगा तो वह सुकून से जियेगा.” एक सवाल का जवाब देते हुए अंसारी ने कहा कि अयोध्­या में राम कल नहीं आये हैं, वह तो दिसंबर 1949 से वहीं पर हैं.

अयोध्­या में भव्­य राम मंदिर में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी की अगुवाई में नये विग्रह की बहुप्रतीक्षित प्राण-प्रतिष्­ठा सम्­पन्­न हुई. इस अवसर पर संघ प्रमुख मोहन भागवत, उत्­तर प्रदेश की राज्­यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ भी मौजूद थे.

उच्­चतम न्­यायालय ने नौ नवंबर 2019 को राम जन्­मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में फैसला सुनाते हुए विवादित स्­थल पर राम मंदिर बनाने का आदेश दिया था. वहीं, मुसलमानों को मस्जिद बनाने के लिये अयोध्­या में किसी प्रमुख स्­थान पर पांच एकड़ जमीन देने को कहा था. राम मंदिर निर्माण के लिये श्रीराम जन्­मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्­ट का गठन किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu