मेरे खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश से पता चलता है कि उनके दिल में डर है: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 Jan 2024 09:55 PM
मेरे खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश से पता चलता है कि उनके दिल में डर है: राहुल
ऑडियो सुनें

बारपेटा/डोमडोमा. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया जाना इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री के दिल में डर है. उन्होंने उस सोशल मीडिया पोस्ट के लिए भी मुख्यमंत्री की आलोचना की जिसमें मुख्यमंत्री ने दलितों और पिछड़ी जातियों के बारे में ”अपमानजनक” टिप्पणी की थी.

गांधी ने यहां एक सभा में कहा, ”वे अब उछल-कूद कर रहे हैं, मेरे खिलाफ मामला दर्ज कर रहे हैं. यह मामला उनके दिलों में डर को दर्शाता है. वे डरे हुए हैं क्योंकि असम के लोग उनके खिलाफ तूफान के रूप में खड़े हैं.” कांग्रेस नेता ने दावा किया, ”असम के मुख्यमंत्री ने यह कहकर दलित और पिछड़ों का अपमान किया कि ये समुदाय सिर्फ सामान्य वर्ग के लोगों की सेवा करने के लिए पैदा हुए हैं.”

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी पी सिंह को अवरोधक तोड़ने के लिए भीड़ को उकसाने के आरोप में राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया. ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में भाग लेने वाले कांग्रेस नेताओं और समर्थकों को गुवाहाटी के मुख्य मार्गों पर प्रवेश करने से रोकने के लिए राजमार्ग पर अवरोधक लगाए गए थे. कांग्रेस समर्थकों ने जब अवरोधक हटाए तो पुलिसर्किमयों के साथ उनकी झड़प हो गई. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया को चोटें आईं.

ममता बनर्जी से हमारे बहुत अच्छे रिश्ते: राहुल गांधी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई न कोई नेता कुछ टिप्पणी कर देता है, लेकिन उनके ममता बनर्जी के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं. उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब पिछले कुछ सप्ताह में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और टीएमसी के नेताओं के बीच कुछ मौकों पर तीखी बयानबाजी देखने को मिली है. ये दोनों दल विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक हैं.

राहुल गांधी से ममता बनर्जी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया मांगी गई कि कांग्रेस 300 सीट पर लड़ सकती है, बाकी अन्­य दलों के लिए छोड़ दी जाएं. गांधी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”सीटों को लेकर हमारी बातचीत चल रही है, उसका परिणाम आएगा. इसके बारे में, मैं यहां टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं, लेकिन ममता जी के साथ मेरा व्यक्तिगत और पार्टी का बहुत अच्­छा रिश्­ता है.” उन्होंने कहा, ”हां थोड़ा-थोड़ा होता रहता है, कभी उनका कोई बोल देता है, कभी हमारा कोई बोल देता है. ये स्वाभाविक चीजें हैं. ये ऐसी चीजें नहीं हैं जो किसी चीज में बाधा डालने वाली हों.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu