ईडी ने तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख के आवास पर फिर से छापेमारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Jan 2024 09:32 PM
ईडी ने तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख के आवास पर फिर से छापेमारी की
ऑडियो सुनें

कोलकाता. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक दल पर हमला किए जाने के 19 दिन बाद जांच एजेंसी के अधिकारियों ने कथित तौर पर करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाला मामले में अपनी जांच के सिलसिले में फरार तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख के उत्तर 24 परगना जिला स्थित आवास पर बुधवार को फिर छापेमारी की. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि ईडी ने घर को सील कर दिया और शेख को राशन वितरण घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में 29 जनवरी तक पूछताछ के लिए व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए नोटिस जारी किया. अधिकारी ने बताया कि उत्तर 24 परगना जिले में घर के अंदर छह घंटे की तलाशी के दौरान अलमारियों या सूटकेस में कोई महत्वपूर्ण सामग्री नहीं मिली.

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”ऐसा लगता है कि पिछले एक पखवाड़े के दौरान इस घर से दस्तावेज हटा दिये गये हैं. हमने घर सील कर दिया है.” उन्होंने कहा कि ईडी अधिकारियों को कुछ पुराने वीजा-संबंधित कागजात, कुछ अनुबंध संबंधी दस्तावेज और लेखों के अलावा कुछ कपड़े भी मिले. उन्होंने कहा कि पूरे तलाशी अभियान की वीडियोग्राफी ईडी के आठ अधिकारियों में से एक ने की थी.
उन्होंने कहा, ”हमने शाहजहां को 29 जनवरी को कोलकाता स्थित हमारे कार्यालय में पूछताछ के लिए व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा है. आज के तलाशी अभियान के बाद संदेशखली में उनके आवास पर इस संबंध में एक नोटिस लगाया गया है.”

अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के 120 से अधिक र्किमयों के साथ पहुंचे ईडी अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और गवाहों के रूप में दो स्थानीय लोगों की उपस्थिति में संदेशखली इलाके में शेख के आवास के दरवाजे तोड़े. उन्होंने बताया कि घर में प्रवेश करने के बाद ईडी अधिकारियों ने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया और तलाशी शुरू कर दी. इससे पहले ईडी अधिकारियों को स्थानीय पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस नेता के आवास में प्रवेश करने से रोक दिया था, जिसके बाद पुलिस को वहां ”तलाशी अभियान चलाने का आदेश” दिखाया गया.

बशीरहाट जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ”हमें अपने अधिकार क्षेत्र के भीतर किसी भी स्थान पर तलाशी अभियान चलाने के लिए आदेश देखना आवश्यक है. यही नियम है. उन्होंने (ईडी अधिकारियों ने) आदेश दिखाया और उसके बाद हमने उन्हें गेट तोड़ने और अंदर तलाशी शुरू करने की अनुमति दी. हम उनके साथ सहयोग करेंगे और देखेंगे कि उन्हें किसी समस्या का सामना न करना पड़े.” उन्होंने कहा कि पुलिस ईडी के साथ सहयोग करेगी और देखेगी कि उन्हें परेशानी न हो.

पांच जनवरी को तृणमूल कांग्रेस नेता के आवास में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान ईडी अधिकारियों के एक दल पर भीड़ ने हमला कर दिया था. हमले में तीन अधिकारी घायल हो गये थे. जिला पुलिस और शेख के परिवार के सदस्यों ने ईडी अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी. शेख फरार हैं और उनके खिलाफ ‘लुकआउट’ नोटिस जारी किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu