बालाघाट में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में ‘हॉक फोर्स’ का एक कांस्टेबल घायल : मोहन यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Nov 2024 10:36 PM
बालाघाट में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में ‘हॉक फोर्स’ का एक कांस्टेबल घायल : मोहन यादव
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को बताया कि बालाघाट जिले में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में ‘हॉक फोर्स’ का एक कांस्टेबल घायल हो गया. घटना का समय बताए बिना यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”बालाघाट जिले के दुगलई-कोद्दापर जंगल क्षेत्र की पहाड़ियों में नक्सल रोधी अभियान के तहत तलाशी के दौरान हॉक फोर्स आरक्षक शिव कुमार शर्मा जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए गोंदिया (पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र) रेफर कर दिया गया है. उनके इलाज का सारा व्यय सरकार उठाएगी.”

यादव ने कहा, ”मध्यप्रदेश शासन नक्सलवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है. इस घटना के बाद पुलिस की 10 सशस्त्र टीमें उक्त जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान संचालित कर रही हैं. नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई और नक्सलवादियों पर कार्यवाही लगातार जारी रहेगी.” मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने शर्मा का इलाज कर रहे डॉक्टर से बात की है और जरूरत पड़ने पर घायल कांस्टेबल को किसी बड़े चिकित्सा केंद्र स्थानांतरित किया जाएगा.

इस महीने की शुरुआत में, मध्यप्रदेश सरकार ने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से सशस्त्र नक्सलियों के आने की आशंका को देखते हुए नक्सल प्रभावित बालाघाट क्षेत्र में तैनाती के लिए केंद्र से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की दो अतिरिक्त बटालियन भेजने का अनुरोध किया था. वर्तमान में, मध्यप्रदेश में सीआरपीएफ की तीन बटालियन तैनात हैं. ‘हॉक फोर्स’ मध्यप्रदेश पुलिस की एक विशेष इकाई है और इसे ज्यादातर बालाघाट में तैनात किया जाता है, जो राज्य का एकमात्र नक्सल प्रभावित जिला है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu