एमसीडी के सदन की बैठक में पेश किया जाएगा एक जून को नगर निगम दिवस घोषित करने का प्रस्ताव

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 21 Nov 2023 02:54 PM
एमसीडी के सदन की बैठक में पेश किया जाएगा एक जून को नगर निगम दिवस घोषित करने का प्रस्ताव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सदन की अगली बैठक में एक जून को नगर निगम दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। एमसीडी के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि एक जून, 1863 को नगरपालिका की सामान्य समिति की पहली बैठक हुई थी और प्रस्ताव है कि इस दिन को नगरपालिका दिवस के रूप में घोषित किया जाए और मनाया जाए।

एमसीडी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘आम तौर पर सभी बड़े और ऐतिहासिक संगठन अपने कर्मचारियों में अपनेपन की भावना पैदा करने के लिए स्थापना दिवस मनाते हैं। हालांकि एमसीडी के लिए ऐसा कोई दिन निर्धारित नहीं है।’’

नगर निगम ने कहा, ‘‘एमसीडी का 160 साल पुराना इतिहास है और यह देश के सबसे पुराने संगठनों में से एक है, जो उचित सम्मान का हकदार हे तथा इसके लिए एक अच्छा तरीका उसके स्थापना दिवस को मनाया जाना हो सकता है।’’

दिल्ली नगर पालिका फरवरी 1863 में अस्तित्व में आई और अप्रैल 1863 में दिल्ली के संचालन के लिए उपनियम बनाए जाने के वास्ते एक समिति गठित की गई थी।

आम समिति की पहली बैठक एक जून, 1863 को आयुक्त की अध्यक्षता में हुई थी। दिल्ली नगर निगम अधिनियम 1957 में लागू किया गया था और यह सात अप्रैल, 1958 से प्रभाव में आया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav