दोस्तों के बीच मजाक के कारण हुआ झगड़ा, एक व्यक्ति की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Apr 2025 07:44 PM
दोस्तों के बीच मजाक के कारण हुआ झगड़ा, एक व्यक्ति की मौत
ऑडियो सुनें

नागपुर. महाराष्ट्र में नागपुर के पारडी इलाके में दोस्तों के बीच एक मजाक को लेकर झगड़ा हो गया और इस दौरान एक व्यक्ति ने लाठी से हमला कर अपने मित्र की हत्या कर दी. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना पारडी के नवीन नगर में शुक्रवार शाम हुई.

उन्होंने बताया कि जितेन्द्र उर्फ जीतू राजू जयदेव (40) इलाके में अपने एक दोस्त से मिलने आया था और उन दोनों का एक अन्य मित्र इतवारीदास शिवदास मानिकपुरी (35) भी वहां मौजूद था. अधिकारी ने बताया कि दोस्त एक दूसरे का मोबाइल फोन छिपाकर मजाक कर रहे थे और इसी दौरान मानिकपुरी ने जयदेव से उसका फोन ”लौटाने” को कहा लेकिन जयदेव ने कहा कि फोन उसके पास नहीं है. उन्होंने बताया कि इसके बाद तीखी बहस हुई और जयदेव ने मानिकपुरी को थप्पड़ मार दिया.

अधिकारी ने बताया कि मानिकपुरी जयदेव से यह कहकर चला गया कि वह उससे बाद में निपटेगा. उन्होंने बताया कि इस घटना के कुछ देर बाद जयदेव जब फुटपाथ पर बैठा था तो मानिकपुरी लाठी लेकर वहां आया और उसने जयदेव पर कथित रूप से हमला कर दिया.

इस घटना की सूचना मिलने पर पारडी पुलिस थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जयदेव को अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारी ने बताया कि मानिकपुरी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu