आकाश एयर के डेटा में लगी सेंध, कुछ सूचनाएं हुईं उजागर

नयी दिल्ली. हाल ही में शुरू हुई एयरलाइन आकाश एयर के डेटा में सेंध लगने की वजह से कुछ अनधिकृत लोगों की पहुंच उपयोगकर्ताओं की सूचनाओं तक हो जाने का मामला सामने आया है. गत सात अगस्त को विमान परिचालन शुरू करने वाली आकाश एयर ने इस गड़बड़ी के लिए अपने ग्राहकों से माफी मांगी है तथा खुद ही भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया टीम (सीईआरटी-इन) को इस मामले की जानकारी दी है.

कंपनी की वेबसाइट पर डाली गई सूचना के अनुसार, 25 अगस्त को लॉगइन और साइन-अप सेवाओं को लेकर कुछ अस्थायी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई. एयरलाइन ने कहा, ‘‘इसके चलते आकाश एयर के पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की सूचनाएं मसलन नाम, ंिलग, ई-मेल पते और फोन नंबर की सूचनाएं कुछ अनधिकृत लोगों को उपलब्ध हो गईं.’ एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि इन जानकारियों के अलावा यात्रा से संबंधित कोई अन्य सूचना या यात्रा रिकॉर्ड एवं भुगतान की सूचना उजागर नहीं हुई है.

आकाश एयर ने यह भी कहा कि ग्राहकों की सूचनाओं का संरक्षण उसके लिए सर्वोपरि है. ‘‘यदि ग्राहकों की इस वजह से कोई असुविधा हुई है, तो इसका हमें खेद है.’’ आकाश एयर पिछले एक दशक में परिचालन शुरू करने वाली पहली एयरलाइन है. इसकी पहली उड़ान का परिचालन मुंबई-अहमदाबाद मार्ग पर सात अगस्त को हुआ था. अरबपति निवेशक राकेश झुनझुनवाला इस एयरलाइन के एक प्रमुख निवेशक थे. परिचालन शुरू होने के एक हफ्ते बाद ही झुनझुनवाला का निधन हो गया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button