भाजपा के घोषणापत्र को आप ने बताया जुमला पत्र

भाजपा का 'संकल्प पत्र' झूठ का रिकॉर्ड तोड़ने वाले जुमलों का दस्तावेज : अखिलेश यादव

नयी दिल्ली/लखनऊ/हैदराबाद. आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आगामी लोकसभा चुनाव के लिए जारी किए गए घोषणापत्र को ”जुमला पत्र” करार दिया और कहा कि इसमें में पिछले 10 वर्षों में केंद्र द्वारा किये गये वादों का कोई जिक्र नहीं है.
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का घोषणापत्र एक “जुमला पत्र (बयानबाजी का दस्तावेज)” के अलावा कुछ नहीं है.

आतिशी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन जुमला पत्र में पिछले 10 वर्षों में रोजगार सृजन की कोई जानकारी नहीं है.” बेरोजगारी के कारण युवा चिंतित हैं, उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर की कीमत 300 रुपये से बढ.कर 1,200 रुपये हो गई है, जबकि डीजल की कीमत 55 रुपये से बढ.कर 90 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

दिल्ली सरकार की मंत्री ने कहा, “प्रत्येक परिवार को अपना खर्च चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कोई भी भाजपा द्वारा जारी जुमला पत्र पर भरोसा नहीं करेगा.” प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा का आगामी लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया. घोषणापत्र में गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं पर विशेष रूप से केंद्रित है.

भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ झूठ का रिकॉर्ड तोड़ने वाले जुमलों का दस्तावेज : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘संकल्प पत्र’ (चुनावी घोषणा पत्र) पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का घोषणापत्र ब्रह्मांड में झूठ का रिकॉर्ड तोड़ने वाले जुमलों का दस्तावेज भर है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें लोकलुभावन उपायों और संशोधित नागरिकता कानून (एनआरसी) जैसे विवादास्पद मुद्दों से परहेज करते हुए विकास और कल्याण को प्राथमिकता दी गई है.
‘मोदी की गारंटी’ शीर्षक से जारी घोषणापत्र काफी हद तक समाज के विभिन्न वर्गों को लक्षित सरकार की मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित है साथ ही इसमें ‘एक-राष्ट्र-एक-चुनाव’ और एनआरसी को लागू करने की प्रतिबद्धता को दोहराया गया है.

भाजपा का संकल्प पत्र जारी होने के बाद सपा प्रमुख यादव ने ‘एक्­स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”जनता ने जब अपने सुनहरे भविष्य को विकल्प के रूप में चुनते हुए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को जिताने व भाजपा को हराने का संकल्प ले ही लिया है तो ऐसे में भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ किसी काम का नहीं रहा.” यादव ने कहा ” झूठ और जुमले जिनकी पहचान बन गये हों तो जनता न उनके संकल्प-पत्र पर विश्वास करेगी और न भविष्य की गारंटी पर.”

उन्होंने कहा, ” जिन्होंने अपने वादे पिछले दस वर्षों के राज में पूरे नहीं किये वो भला भविष्य की गारंटी देने की बात कैसे कह सकते हैं.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ” भाजपा में हिम्मत है तो 2014 और 2019 का अपना घोषणापत्र निकालकर हिसाब दे कि उन्होंने अपना कौन सा वादा पूरा किया. भाजपा का संकल्प-पत्र ब्रह्मांड में झूठ का रिकॉर्ड तोड़ने वाले जुमलों का दस्तावेज भर हैं.”

भाजपा का घोषणा पत्र असफल बैंक के लिए आगामी तारीख वाला चेक : रेवंत रेड्डी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से जारी घोषणा पत्र का रविवार को मखौल उड़ाते हुए उसे ”असफल बैंक का आने वाले दिन के लिए जारी चेक” करार दिया. रेड्डी ने कहा कि जनता भाजपा को खारिज कर देगी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोगों की पीड़ा को समाप्त करेगी.

रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ”भाजपा का ‘विकसित भारत’ का दृष्टिकोण उनके 2004 के ‘शाइनिंग इंडिया’ घोषणापत्र का दोहराव है, जो विफल रहा था.” उन्होंने पोस्ट में (2004 के चुनाव में)तब कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की जीत का श्रेय तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को देते हुए लिखा, ”दो असफल कार्यकालों के बाद, लोगों ने (भाजपा के) ‘शाइनिंग इंडिया’ को खारिज कर दिया. अब जनता भाजपा को खारिज करेगी और राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस लोगों की तकलीफें दूर करेगी.” रेड्डी ने पोस्ट में ‘संकल्प पत्र’ के नाम से जारी भाजपा के घोषणा पत्र को ”असफल हो रहे बैंक में भुनाने के लिए आगामी तरीख दर्ज चेक करार दिया.” भाजपा ने रविवार को अपना घोषणापत्र जारी किया, जो लोकलुभावन योजनाओं और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) जैसे विवादास्पद मुद्दों को छोड़कर विकास और कल्याण पर केंद्रित है.

Related Articles

Back to top button