नाबालिग लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Jul 2025 09:48 PM
नाबालिग लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कुशीनगर/सीतापुर/जयपुर. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने और धर्म परिवर्तन कराकर कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने संवाददाताओं बताया कि12 जुलाई को नेबुआ नौरंगिया थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी को शमसाद नाम का एक व्यक्ति अपने साथ ले गया है.

अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लड़की को ढूंढ निकाला गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की टीमों का गठन किया गया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी शमसाद को नेबुआ नौरंगिया इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, शमशाद लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर अपने साथ केरल ले गया था और वहां आरोपी ने नाबालिग से दुष्कर्म किया. उन्होंने बताया कि आरोपी ने लड़की का नाम बदलकर नरगिस रख दिया था और इसी नाम से आधार कार्ड भी बनवा दिया था.

नाबालिग लड़की के अपहरण और जबरदस्ती धर्म परिवर्तन का मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की पुलिस ने 12 साल की एक लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने और जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराने के संबंध में 15 साल की नाबालिग लड़की और उसके माता-पिता समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी.

अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि यह लड़की अपनी सहेली के साथ लापता हो गई थी और अब उसकी नाबालिग सहेली, सहेली के माता-पिता, शाहरुख नाम के एक व्यक्ति और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि दुष्कर्म का आरोप शाहरुख और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ है, और मामले की जांच चल रही है. पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसे 14 जुलाई को जबरदस्ती ट्रेन से सूरत ले जाया गया और आरोपियों ने उसे धर्म परिवर्तन करने को कहते हुए उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. इसके बाद वे 19 जुलाई को उसे वापस लेकर आए.

सिंह ने बताया कि जहां पीड़िता की सहेली और सहेली के माता पिता पर अपहरण का आरोप है, वहीं दो अन्य लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म करने और लड़की को धर्म परिवर्तन करने के लिये बाध्य करने का आरोप है. इन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पीड़ित लड़की की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने पर रामपुर मथुरा पुलिस थाना के प्रभारी को अधिकारियों द्वारा पुलिस लाइन भेज दिया गया है.

राजस्थान: स्कूल शिक्षिका पर छठी कक्षा की नाबालिग छात्रा को धर्म परिवर्तन के लिये बरगलाने का आरोप

राजस्थान के सीकर जिले में एक व्यक्ति ने एक स्कूल की शिक्षिका पर छठी कक्षा में पढ.ने वाली उनकी पोती को धर्म परिवर्तन के लिए बरगलाने का आरोप लगाया. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासी भंवर सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई और आरोप लगाया कि नीम का थाना स्थित ‘सेंट जेवियर्स सेकेंडरी स्कूल’ की शिक्षिका छठी कक्षा में पढ.ने वाली उनकी पोती का धर्म परिवर्तन के लिए बरगला रही थी.

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो शिक्षिका ने उसकी पिटाई की. पुलिस ने बतया कि घटना के संबंध में बुधवार शाम नीम का थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई. हलांकि स्कूल निदेशक ने आरोपों का खंडन किया है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शिक्षिका ने हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की और जब लडकी ने विरोध किया तो मंगलवार को उसकी पिटाई की गई.

स्कूल निदेशक ने संवाददाताओं को बताया कि आरोप निराधार हैं और शिक्षिका ने लड़की को उसका होमवर्क जांचने के लिए बुलाया था.
स्कूल निदेशक ने बताया, “लडकी स्कूल में कॉपी नहीं लाई थी, इसलिए शिक्षिका ने उससे इस बारे में पूछा. छात्रा ने अपनी मां को फोन कर इस बारे में बताया और उन्होंने सुझाव दिया कि शिक्षिका उसे अनुशासन में लाने के लिए दंडित करे. फिर शिक्षिका ने बच्ची के हाथ पर डंडे से मारा.” उन्होंने बताया, “जब उसकी मां स्कूल आई, तो शिक्षिका ने उससे छात्रा के प्रदर्शन के बारे में बात की. रात में उसके पिता ने मुझे फोन किया और शिक्षिका पर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का बेबुनियाद आरोप लगाया.”

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमितोष पारीक ने इस मामले पर कहा कि आरोपी शिक्षक और स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. पारीक ने बताया, “लड़की को पीटा गया. उसके परिवार ने गंभीर चिंता जताई हैं और राज्य सरकार को तुरंत इस पर ध्यान देना चाहिए. धर्म परिवर्तन रोकने के लिए एक सख्त कानून भी बनाया जाना चाहिए.” पुलिस ने बतया कि मामले की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu