बरेली में अभिनेत्री सपना सिंह के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दो दोस्त गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 11 Dec 2024 07:26 PM
बरेली में अभिनेत्री सपना सिंह के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दो दोस्त गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

बरेली. टीवी सीरियल अभिनेत्री सपना सिंह के 14 साल के बेटे को उसके दो दोस्तों ने कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाया जिससे उसकी मौत हो गई. बेटे की मौत के विरोध में अभिनेत्री ने बरेली में विरोध प्रदर्शन किया जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

पुलिस के अनुसार, आठवीं कक्षा का छात्र सागर (14) अपने मामा ओम प्रकाश के साथ आनंद विहार कॉलोनी, बरेली में रहता था. रविवार सुबह उसका शव इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अदलखिया गांव के पास मिला. एक दिन पहले ओम प्रकाश ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने परिजनों के हवाले से बताया कि सागर शनिवार को स्कूल गया था लेकिन वापस नहीं लौटा. तब परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रविवार को उसका शव बरामद हुआ लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पायी. सोमवार को सागर के परिजनों ने शव की पहचान की.

मंगलवार को 90 मिनट से अधिक समय तक चला अभिनेत्री का विरोध प्रदर्शन स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद समाप्त हुआ. पुलिस के मुताबिक, अभिनेत्री के बेटे सागर गंगवार के दो दोस्तों अनुज और सनी (दोनों वयस्क हैं) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया.

क्षेत्राधिकारी (फरीदपुर) आशुतोष शिवम ने बताया, ”पोस्टमार्टम से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी. हालांकि जहर या नशे की ओवरडोज से मौत के संकेत मिले हैं. आगे की जांच के लिए शव का विसरा सुरक्षित कर लिया गया है.” भुता थाना के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया, ”अनुज और सनी ने पूछताछ के दौरान कबूल किया कि उन्होंने सागर के साथ मादक पदार्थ और शराब का सेवन किया था. ओवरडोज के कारण सागर बेहोश हो गया. घबराकर वे सागर को घसीटकर एक खेत में ले गए और उसे वहीं छोड़ दिया.” शुरुआत में इसे अज्ञात मामला मानकर पोस्टमार्टम कराया गया. हालांकि, बारादरी पुलिस ने सात दिसंबर को ओम प्रकाश द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर ली थी. शव की पहचान के बाद, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में अनुज और सनी बेहोश सागर को घसीटते हुए दिख रहे थे.

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद दोनों को हिरासत में लिया गया. घटना के बाद सागर के गांव में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और लोगों ने सड़क जाम कर दी तथा दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की. टीवी कार्यक्रम ‘क्राइम पेट्रोल’ और ‘माटी की बन्नो’ में अपनी भूमिकाओं के लिए मशहूर सपना सिंह मंगलवार को मुंबई से लौटीं तो उन्होंने अपने बेटे को मृत पाया. अपने बेटे के शव को देखकर वह रो पड़ीं और न्याय की मांग की. विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हत्या का मामला जोड़ा और भुता थाने में नयी प्राथमिकी दर्ज की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu