अग्निकुल कर रही ‘अग्निबाण’ रॉकेट की पहली उपकक्षीय उड़ान की तैयारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Aug 2023 09:28 PM
अग्निकुल कर रही ‘अग्निबाण’ रॉकेट की पहली उपकक्षीय उड़ान की तैयारी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. स्काईरूट एयरोस्पेस के बाद चेन्नई स्थित अग्निकुल कॉसमॉस कंपनी श्रीहरिकोटा स्थित अपने प्रक्षेपण पैड से अपने 3डी-प्रिंटेड रॉकेट ‘अग्निबाण सबऑर्बिटल टेक्नोलॉजिकल डिमॉन्स्ट्रेटर’ (सोर्टेड) की उपकक्षीय परीक्षण उड़ान को अंजाम देने के लिए पूरी तरह तैयार है. कंपनी ने एक बयान में कहा कि ‘अग्निबाण सोर्टेड’ एकल चरण वाला प्रक्षेपण वाहन है जो अग्निकुल के पेटेंट प्राप्त अग्निलेट इंजन द्वारा संचालित होता है जो पूरी तरह से 3 डी-प्रिंटेड, सिंगल-पीस, 6 केएन सेमी-क्रायोजेनिक इंजन है.

इसमें कहा गया, “अग्निकुल ने आने वाले कुछ हफ्तों में अपनी पहली उड़ान पूरी करने की योजना बनाई है.” अग्निबाण सोर्टेड का अनावरण 15 अगस्त को श्रीहरिकोटा में अग्निकुल के मिशन नियंत्रण केंद्र (एएमसीसी) में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक ए राजाराजन और भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं अनुमोदन केंद्र के अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया था. स्काईरूट एयरोस्पेस पिछले साल नवंबर में देश में उपकक्षीय उड़ान भरने वाली पहली निजी कंपनी बन गई थी जब विक्रम-एस रॉकेट ने श्रीहरिकोटा में इसरो के प्रक्षेपण पैड से उड़ान भरी थी और यह 89.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर पहुंचा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu