अक्षय कुमार ने भारतीय सिनेमा उद्योग में पूरे किए 30 साल, प्रशंसकों के प्रति जताया आभार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 May 2022 07:30 PM
अक्षय कुमार ने भारतीय सिनेमा उद्योग में पूरे किए 30 साल, प्रशंसकों के प्रति जताया आभार
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता अक्षय कुमार ने भारतीय फिल्म उद्योग में अपने करियर के 30 साल पूरे कर लिए हैं. अक्षय ने यह उपलब्धि हासिल करने के बाद अपने प्रशंसकों के प्रति विशेष आभार जताते हुए इस दौरान उन्हें प्यार देने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया है. प्रोडक्शन हाउस यश राज फिल्म्स ने अक्षय की इस उपलब्धि के मौके पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित उनकी आगामी फिल्म ‘‘पृथ्वीराज’’ का एक नया पोस्टर जारी किया और उन्हें बधाई दी.

यश राज फिल्म्स ने इस अवसर पर अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट कर अक्षय को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. वीडियो में अक्षय ‘‘पृथ्वीराज’’ फिल्म का एक विशेष पोस्टर जारी करते हुए नजर आ रहे हैं. उनके साथ फिल्म के निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी भी मौजूद थे.

अक्षय ने इस वीडियो में कहा, ‘‘मुझे यह पता भी नहीं था कि मैंने सिनेमा उद्योग में 30 साल पूरे कर लिए हैं. आदित्य चोपड़ा को यह उपहार देने के लिए धन्यवाद देता हूं. मुझे आज भी याद है कि मैंने अपना पहला शॉट ऊटी में दिया था, यह बॉब क्रिस्टो के साथ एक एक्शन शॉट था.’’ अक्षय ने ट्विटर पर इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा, ‘‘सिनेमा जगत में तीस साल, इस दौरान आप सभी लोगों से बेहद प्यार मिला. जीवन की इस अद्भुत यात्रा के लिए धन्यवाद और तीन जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली पृथ्वीराज के साथ इसे इतनी खूबसूरती से एक साथ जोड़ने के लिए यश राज फिल्म्स का विशेष आभार.’’

अक्षय कुमार का वास्तविक नाम राजीव भाटिया है. उन्होंने निर्देशक राज सिप्पी की रोमांटिक-एक्शन फिल्म ‘‘सौगंध’’ के साथ अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. ‘‘सौगंध’’ 25 जनवरी 1991 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसके बाद अक्षय ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक्शन, कॉमेडी समेत कई फिल्मों में अपने शानदार अभिनय के जरिए अपनी एक अलग पहचान बनाई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu