
नयी दिल्ली: न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का कहना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में के एल राहुल भारत के प्रमुख बल्लेबाज साबित होंगे। राहुल की बल्लेबाजी के कायल बोल्ट का मानना है कि वह श्रृंखला के प्रमुख खिलाड़ियों में होंगे।
टेस्ट क्रिकेट में 317 विकेट ले चुके 37 वर्ष के बोल्ट ने यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग द्वारा कराये गए बोल्ट के इंटरव्यू में कहा ,” मैं केएल राहुल की बल्लेबाजी का बड़ा प्रशंसक हूं । वह भारतीय बल्लेबाजी क्रम में शीर्षक्रम का प्रमुख खिलाड़ी हैं । जायसवाल भी टीम में है । दो शानदार बल्लेबाजों को खेलते देखना रोचक होगा ।” उन्होंने कहा ,” भारतीय टीम जब भी न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने आती है तो देखने में मजा आता है ।” यह दौरा फरवरी मार्च की बजाय अक्टूबर नवंबर में हो रहा है जब मौसम काफी ठंडा होगा और बल्लेबाजों को दिक्कत आ सकती है।
बोल्ट ने कहा ,” अक्टूबर के अंत में यह दौरा होगा लिहाजा मौसम काफी ठंडा रहने वाला है। उम्मीद है कि विकेटों पर घास रहेगी जिससे हमारे गेंदबाजों को मदद मिलेगी।” न्यूजीलैंड के लिये कई साल तक बोल्ट और टिम साउदी नयी गेंद संभालते रहे लेकिन बोल्ट का मानना है कि मौजूदा गेंदबाजों के पास भी इतनी विविधता और काबिलियत है कि वे अपनी खुद की पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा ,” मुझे लगता है कि हमारी गेंदबाजी काफी संतुलित है। हमारे पास विल ओ राउरकी के रूप में उम्दा तेज गेंदबाज है जबकि काइल जैमीसन के पास ंिस्वग है और मैट हेनरी सटीक गेंदबाजी करते हैं। ”



