पुरी में कोहरे और कम दृश्यता के कारण सभी फेरी और पर्यटक नौकाओं पर सुबह 11 बजे तक प्रतिबंध

पुरी: ओडिशा में पुरी जिला प्रशासन ने कोहरे और ठंड की मौजूदा स्थिति को देखते हुए चिल्का झील सहित सभी जल निकायों में फेरी सेवा और पर्यटक नौकाओं के संचालन पर प्रतिदिन सुबह 11 बजे तक प्रतिबंध लगा दिया है। एक अधिसूचना से यह जानकारी मिली। अधिसूचना के मुताबिक, बृहस्पतिवार को चिल्का झील के अंदर एक तैरते पुल पर यात्रा करते समय ब्रह्मपुर निवासी उमाशंकर सबत की मौत होने के कुछ घंटों बाद जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक पोत एक बस, दो कार और 50 यात्रियों को लेकर सतपाड़ा से जहनीकुड़ा जा रहा था, तभी घने कोहरे के कारण वह कई घंटों के लिए फंस गया। पुरी की जिलाधिकारी दिव्या ज्योति परीदा ने बृहस्पतिवार को जारी परामर्श में कहा, ‘‘जिले में घने कोहरे और कम दृश्यता की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं को यह निर्देश दिया जाता है कि अगली सूचना तक सुबह 11 बजे तक कोई भी फेरी सेवाएं या पर्यटन नौकाएं संचालित नहीं की जाएंगी।’’

परामर्श के अनुसार, घना कोहरा और कम दृश्यता के कारण समुद्र व नदी में दुर्घटनाओं और मानव जीवन के नुकसान की संभावना काफी बढ़ जाती है, इसलिए निवारक और सुरक्षा उपाय के रूप में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। परामर्श के अनुसार, इन प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। यह प्रतिबंध तब तक लागू रहेगा, जब तक मौसम और दृश्यता की स्थिति में सुधार नहीं हो जाता या आगे कोई निर्देश जारी नहीं किया जाता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button