‘इंडिया’ गठबंधन के नेतृत्व के मुद्दे पर सभी दल चर्चा को तैयार हैं: संजय राउत

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 10 Dec 2024 03:21 PM
‘इंडिया’ गठबंधन के नेतृत्व के मुद्दे पर सभी दल चर्चा को तैयार हैं: संजय राउत

ऑडियो सुनें

मुंबई: शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने मंगलवार को संकेत दिया कि उनकी पार्टी इस बात पर चर्चा करने के लिए तैयार है कि क्या कांग्रेस के बाहर किसी को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि गठबंधन के सभी घटक दल इस मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार हैं।

राउत राष्ट्रीय जनता दल (राजग) प्रमुख लालू प्रसाद की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व करने का मौका देना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे वर्तमान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के अध्यक्ष हैं।

दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि खरगे और राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेतृत्व के साथ उनकी पार्टी के बहुत अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और ‘इंडिया’ गठबंधन सहयोगियों में उसके सांसदों की संख्या सबसे अधिक है।

राउत ने कहा, ‘‘फिर भी, अगर ‘इंडिया’गठबंधन को दोबारा मजबूत करना है, तो हर कोई नेतृत्व (संबंधित मुद्दों) पर चर्चा करना चाहता है, (ऐसा नेतृत्व) जो गठबंधन को समय दे सकता है….(चाहे वह) ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे, लालू प्रसाद, शरद पवार या अखिलेश यादव हो सकते हैं।’’ उन्होंने कहा कि यहां तक ??कि बीजद प्रमुख नवीन पटनायक भी ‘इंडिया’ में शामिल हो सकते हैं, जिनकी पार्टी गठबंधन का हिस्सा नहीं है।

शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, ‘‘हम इस मुद्दे पर एक-दूसरे से बात कर रहे हैं।’’ इस सप्ताह की शुरुआत में, बनर्जी ने भाजपा विरोधी गठबंधन की कमान संभालने की अपनी मंशा व्यक्त की थी।

By navabharat digital