
नयी दिल्ली. तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने रविवार को पटना में अपनी आगामी फिल्म ‘पुष्पा 2 : द रूल’ का ट्रेलर जारी किया. अर्जुन ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आए अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया. ‘पुष्पा 2’ का निर्देशन सुकुमार ने किया है और इसमें अल्लू अर्जुन के अलावा रश्मिका मंदाना और फहाद फासिल भी अहम भूमिका में नजर आएंगे.
‘पुष्पा 2’ 2021 में आई फिल्म ‘पुष्पा : द राइज’ फिल्म का बहुप्रतीक्षित सीक्वल है. फिल्म का ट्रेलर बिहार की राजधानी पटना के खचाखच भरे गांधी मैदान में जारी किया गया. इस मौके पर रश्मिका भी मौजूद थीं. यह अल्लू अर्जुन की बिहार की पहली यात्रा थी.
अभिनेता ने प्रशंसकों को संबोधित करते हुए कहा, ”मैं आप सभी के प्यार और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आपका आभारी हूं.”
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता ने अपनी लोकप्रिय फिल्म के संवाद का उल्लेख करते हुए कहा, ”पुष्पा कभी झुकेगा नहीं, लेकिन आज पहली बार, आपके प्यार के लिए झुकेगा. धन्यवाद पटना, आपने मुझे बहुत प्यार दिया.”
पटना के गांधी मैदान में फिल्म ‘पुष्पा 2’ के प्रचार के दौरान अफरा-तफरी
बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब फिल्म ‘पुष्पा-2’ के प्रचार के लिए आए अभिनेता अल्लू अर्जुन और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की एक झलक पाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. दोनों कलाकार अपनी आगामी फिल्म ‘पुष्पा 2 : द रूल’ के प्रचार के लिए पटना आए थे.
कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित हुए लोगों के एक समूह ने अवरोधक पार कर लिए तथा जब उन्हें कलाकारों के करीब जाने से रोका गया तो उन्होंने जूते और चप्पलें फेंकी. यह कार्यक्रम देर रात तक जारी रहेगा. पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजीव मिश्रा ने इस बात से इनकार किया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जैसा कि मीडिया के एक वर्ग ने दावा किया है.
एसएसपी मिश्रा ने कहा, ”केवल कुछ लोगों को ही हटाया गया, जो कार्यक्रम देखने आए थे और अवरोधकों को पार करने की कोशिश कर रहे थे. गांधी मैदान में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.” पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सब कुछ नियंत्रण में है. तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने रविवार को पटना में अपनी आगामी फिल्म ‘पुष्पा 2 : द रूल’ का ट्रेलर जारी किया. ‘पुष्पा 2’ पांच दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.



