मूक-बधिर व्यक्ति की हत्या का एक और वीडियो आया सामने, पीड़ित को पीटता दिखा आरोपी…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 07 Aug 2024 11:46 AM
मूक-बधिर व्यक्ति की हत्या का एक और वीडियो आया सामने, पीड़ित को पीटता दिखा आरोपी…
ऑडियो सुनें

मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई में एक मूक-बधिर व्यक्ति की हत्या की जांच कर रही पुलिस को एक और वीडियो मिला है, जिसमें एक व्यक्ति पीड़ित को कथित तौर पर पीटता नजर आ रहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि ऐसा संदेह है कि मामले में सोमवार को गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों में से एक ने घटना के दौरान किसी को शायद वीडियो कॉल किया था। उन्होंने बताया कि यहां की एक अदालत ने मंगलवार को दो आरोपियों शिवजीत ंिसह और जय चावड़ा को 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। दोनों आरोपी भी बोलने और सुनने में अक्षम हैं।

यह मामला सोमवार को उस दौरान सामने आया जब रेलवे सुरक्षा बल के एक कांस्टेबल ने दादर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 11 पर एक व्यक्ति को बड़ा ट्रॉली बैग लिए देखा। पुलिस के अनुसार, संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया और बैग की तलाशी लेने पर उसमें से शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अरशद अली सादिक अली शेख (30) के रूप में हुई। वह सांताक्रूज के कलिना का निवासी था।

उन्होंने बताया कि शेख की हथौड़ा मार-मारकर हत्या की गई थी। एक अधिकारी ने पहले बताया था कि एक महिला को लेकर हुए झगड़े में शेख की हत्या की गई थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सामने आए एक वीडियो में एक व्यक्ति पीड़ित को पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वीडियो की जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav