
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों की विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बुधवार को बधाई दी और इस प्रतियोगिता में भारत के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि खेलों में भारत अब पहले से कहीं अधिक चमक रहा है. प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि को पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया. चीन के हांगझोउ में भारतीय दल ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अब तक 80 पदक जीत लिये हैं.
इससे पहले, पदक के लिहाज से भारत का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जकार्ता और पालेमबांग में हुए 2018 एशियाई खेलो में था, जिसमें देश ने 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य पदक सहित कुल 70 पदक जीते थे. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”एशियाई खेलों में भारत पहले से कहीं अधिक चमक रहा है. 71 पदकों के साथ, हम अपने सर्वश्रेष्ठ पदक तालिका का जश्न मना रहे हैं, जो हमारे एथलीटों के अद्वितीय समर्पण, धैर्य और खेल भावना का प्रमाण है.”
उन्होंने कहा, ”प्रत्येक पदक कड़ी मेहनत और जुनून की जीवन यात्रा पर प्रकाश डालता है. पूरे देश के लिए गर्व का क्षण. हमारे एथलीटों को बधाई.” प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने के लिए भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बधाई दी.
ओलंपिक और विश्व चैम्पियन चोपड़ा ने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ 88.88 मीटर का थ्रो फेंककर एशियाई खेलों की भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि किशोर जेना ने 87.54 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया.
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में चोपड़ा को इस ‘ऐतिहासिक’ उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा, ”यह शानदार जीत उनके लगन और वर्षों के प्रशिक्षण का परिणाम है. वह इसी प्रकार सफलता की सीढि.यां चढ.ते रहें. उन्हें शुभकामनाएं.” उन्होंने तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने पर ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेन्नम को बुधवार को बधाई दी और कहा कि उनके असाधारण कौशल, सटीकता और टीम वर्क ने शानदार परिणाम सुनिश्चित किए हैं.
उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, ”मिश्रित टीम कंपाउंड स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करने के लिए ज्योति सुरेखा और ओजस को बधाई. उनके असाधारण कौशल, सटीकता और टीम वर्क ने शानदार परिणाम सुनिश्चित किए हैं. उन्हें बधाई.” आत्मविश्वास से भरे ओजस और वेन्नम ने दक्षिण कोरिया के अपने प्रतिद्वंद्वियों को एक अंक से हराकर तीरंदाजी में दूसरा स्वर्ण पदक जीता.
मोदी ने 35 किलोमीटर पैदल चाल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने के लिए राम बाबू और मंजू रानी की भी सराहना की. उन्होंने कहा, ”यह इन अद्भुत एथलीटों द्वारा दिखाए गए जबरदस्त धीरज और दृढ. संकल्प के बिना संभव नहीं होता.” प्रधानमंत्री ने महिलाओं की 57 किग्रा मुक्केबाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर परवीन हुड्डा को बधाई दी और कहा कि यह उनके परिश्रम का प्रतिफल है.
सेमीफाइनल में हुड्डा को दो बार की विश्व चैंपियन चीनी ताइपे की लिन यू टिंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. विश्व चैंपियनशिप 2022 की कांस्य पदक विजेता परवीन को लिन ने 5-0 से हराया. महिलाओं की ही 75 किग्रा श्रेणी में रजत पदक जीतने पर प्रधानमंत्री ने लवलीना बोरगोहेन को बधाई दी. मौजूदा एशियाई चैम्पियन लवलीना को दो बार की ओलंपिक पदक विजेता लि कियान ने 75 किलो फाइनल में हराया.
मोदी ने कहा, ”कौशल और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने देश को जश्न मनाने का अवसर दिया है. भविष्य की स्पर्धाओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं.” प्रधानमंत्री ने अनाहत सिंह और अभय सिंह की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी को स्क्वाश में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी. उन्होंने पदक जीतने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी बधाई दी और उनके बेहतर भविष्य की कामना की.



