बालोद: सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत, 16 अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Dec 2023 06:57 PM
बालोद: सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत, 16 अन्य घायल
ऑडियो सुनें

बालोद/रायपुर. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को एक यात्री बस के सड़क पर पलटे एक ट्रक से टकरा जाने से तीन यात्रियों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुरूर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 पर मरकाटोला घाट पर एक निजी बस ने ट्रक के पिछले हिस्से को टक्कर मार दी. उन्होंने बताया कि यह बस धमतरी से कांकेर की ओर जा रही थी.

अधिकारी ने बताया कि बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस गुरुवार रात से सड़क पर पलटे ट्रक से टकरा गई. उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जिनकी पहचान धमतरी के संजय राखाते और ललित साहू तथा अभनपुर के मेहंदी खान के रूप में हुई है.

उन्होंने बताया कि इस घटना में 16 अन्य लोग घायल हुए हैं जिनमें 12 को कांकेर के चारामा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चार को धमतरी ले जाया गया है. उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और बस चालक को पकड़ने की कोशिश की जा रही है. वह मौके से भाग गया है.

मुख्यमंत्री ने यात्री बस हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालोद जिले के मरकाटोला घाट में आज हुए यात्री बस हादसे में मृतक तीन यात्रियों के परिजनों को 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा घायलों को समुचित उपचार मुहैया कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं. मुख्यमंत्री साय ने इस दुर्घटना में दिवंगतों के परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि बालोद जिले में सड़क हादसे में तीन लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद है. उन्होंने इस दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu