
कोलकाता/श्रीनगर. पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में मटियारी सीमा चौकी के पास बदमाशों के हमले के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की राइफल से दुर्घटनावश गोली चल जाने से एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया. एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई.
यह घटना शनिवार दोपहर को हुई, जब 32वीं बटालियन के एक जवान ने देखा कि कुछ भारतीय तस्कर बाड़ के पार प्लास्टिक के बंडल फेंक रहे हैं और बांग्लादेशी तस्कर उन्हें इकट्ठा कर रहे हैं. बयान के अनुसार, बीएसएफ जवान ने उन्हें चुनौती दी, जिसके बाद भारतीय तस्कर भाग गए, लेकिन बांग्लादेशी, जिनमें से कुछ सीमा के इस तरफ थे, ने जवान पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया.
हाथापाई के दौरान, जवान की राइफल से दुर्घटनावश एक गोली चल गई जो एक बांग्लादेशी तस्कर को जा लगी, जिससे वह जमीन पर गिर गया, जबकि बाकी तस्कर 96 कफ सिरप की बोतलें, दो विदेशी शराब की बोतलें और कांटेदार तार काटने वाला एक कटर छोड़कर भाग गए.
बयान में कहा गया है कि घायल बांग्लादेशी तस्कर को कृष्णागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसके शव और जब्त की गई वस्तुओं को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए राज्य पुलिस को सौंप दिया गया और स्थानीय पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है.
एलओसी से सटे पीओके में आतंकी ‘लॉन्च पैड’ अब भी मौजूद, सुरक्षा बल सतर्क : बीएसएफ
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिरीक्षक अशोक यादव ने रविवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में कई आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किए जाने के बावजूद नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार कुछ आतंकवादी ‘लॉन्च पैड’ अब भी सक्रिय हैं.
यादव ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नियंत्रण रेखा के पार कई आतंकवादी ‘लॉन्च पैड’ नष्ट कर दिए गए थे, लेकिन कुछ ‘लॉन्च पैड’ अब भी सक्रिय हैं, जहां आतंकवादी मौजूद हैं.” उन्होंने कहा कि नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा बल आतंकवादियों द्वारा कश्मीर में घुसपैठ के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए सतर्क हैं.
यादव ने कहा, ”र्सिदयों से पहले पाकिस्तान की ओर से आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की हमेशा कोशिश होती है. जैसा कि आप जानते हैं, इन दिनों दृश्यता कम होती है, लेकिन हमारे पास आधुनिक निगरानी उपकरण हैं और हम संवेदनशील इलाकों पर प्रभावी ढंग से नजर रख रहे हैं. हमारी कोशिश घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने की है.” यादव ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जारी है और पाकिस्तान द्वारा शांति को बाधित करने के किसी भी प्रयास का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद नियंत्रण रेखा पर तैयारियों में बदलाव के बारे में पूछे गए सवाल पर यादव ने कहा, ”हर चुनौती सीखने का अवसर देती है. हम उन चुनौतियों से जो कुछ भी सीखते हैं, उसे भविष्य की रणनीति में शामिल किया जाता है, ताकि नयी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके.”



