बाइडन और ट्रंप ने जीते राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के चुनाव, दोनों फिर होंगे आमने-सामने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Mar 2024 07:58 PM
बाइडन और ट्रंप ने जीते राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के चुनाव, दोनों फिर होंगे आमने-सामने
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव में, वहीं पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल कर अपने-अपने दलों की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की ओर कदम बढ.ा दिया है. राष्ट्रपति बाइडन (81) ने जॉर्जिया में पार्टी के प्राइमरी चुनाव में आसानी से जीत हासिल की और अब वह राष्ट्रपति चुनाव के लिए पार्टी के संभावित उम्मीदवार बन गए हैं. बाइडन को कुल 3,933 डेलीगेट (मतदाताओं का प्रतिनिधित्व करने वाले पार्टी सदस्य) में से आधे से अधिक का समर्थन मिल चुका है. डेमोक्रेट उम्मीदार बनने के लिए 1,968 डेलीगेट के समर्थन की जरूरत होती है.

बाइडन को अगस्त में शिकागो में ‘डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन’ के दौरान औपचारिक रूप से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा. ट्रंप (77) को अब तक 1,215 डेलिगेट का समर्थन मिल चुका है. ट्रंप को जुलाई में ‘रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन’ में आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार घोषित किया जाएगा. ट्रंप लगातार तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार होंगे. पिछली बार की तरह इस बार भी दोनों का मुकाबला लंबे समय से प्रतीक्षित था, हालांकि ट्रंप इस बार अलग-अलग मुकदमों का सामना करते हुए चुनाव लड़ेंगे.

ट्रंप 25 मार्च को न्यूयॉर्क में किसी आपराधिक मुकदमे का सामना करने वाले अमेरिका के पहले पूर्व राष्ट्रपति बन जाएंगे. इस मामले में ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने ‘पॉर्न स्टार’ को किए गए गुप्त भुगतान को छिपाने के लिए गलत तरीके से रिकॉर्ड में हेरफेर की. उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने बाइडन के अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की. वहीं बाइडन की ओर से एक बयान जारी कर जीत तथा उम्मीदवारी पर प्रसन्नता व्यक्त की गई और ट्रंप को लोकतंत्र के लिए खतरा करार दिया गया.

बाइडन ने कहा कि ट्रंप, ”आक्रोश, प्रतिशोध का अभियान चला रहे हैं जो अमेरिका के मूल विचार को खतरे में डालता है.” मंगलवार को प्राइमरी चुनाव की पूर्व संध्या पर ट्रंप ने स्वीकार किया था कि बाइडन ही उनके सामने डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार होंगे. रिपब्लिकन प्राइमरी में जीत के बाद ट्रंप के प्रचार विभाग ने उनका एक वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट किया. ट्रंप ने वीडियो में कहा, “यह एक बड़ी जीत है. अब हमें वापस काम में जुट जाना होगा क्योंकि हमारे पास देश के इतिहास में सबसे खराब राष्ट्रपति हैं. उनका नाम जो बाइडन है, जिन्हें कभी-कभी कुटिल जो बाइडन भी कहा जाता है, और उन्हें हराना ही होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu