बीजापुर: मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 21 Mar 2023 06:47 PM
बीजापुर: मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरचोली और तोड़का गांव के मध्य सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है.

उन्होंने बताया कि गंगालूर क्षेत्र में नक्सली कमांडर वेल्ला, गंगालूर एरिया कमेटी के सदस्य दिनेश तथा अन्य की उपस्थिति की सूचना पर सुरक्षा बलों को गश्त पर रवाना किया गया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब सुरक्षा बल के जवान मंगलवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे कोरचोली और तोड़का गांव के मध्य थे, तब नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

उन्होंने बताया कि कुछ देर तक गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए. बाद में जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां एक नक्सली का शव, 12 बोर का एक राइफल और अन्य सामान बरामद किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सुरक्षा बल का कोई भी जवान हताहत नहीं हुआ है. क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान तलाशी अभियान में जुटे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu