मप्र में भाजपा टूट रही है, इसलिए विस चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चौहान घबराहट में हैं : सुरजेवाला

भोपाल. कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को दावा किया कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) टूट रही है और इसी लिए इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घबराहट में हैं और आनन-फानन में प्रदेश की संपत्ति कर्ज में गिरवी रखकर कुछ भी घोषणा कर रहे हैं.

सुरजेवाला ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”मध्य प्रदेश में भाजपा बिखर रही है, टूट रही है. शिवराज सिंह चौहान (घबराहट) में हैं. शिवराज सरकार आनन-फानन में प्रदेश की संपत्ति गिरवी रखकर कुछ भी घोषणा किए जा रही है.” उन्होंने चौहान पर निशाना साधते हुए आगे कहा, ”जिस व्यक्ति ने 18 साल पाप किए हों, वह 30 दिन में उनका प्रायश्चित कैसे कर सकता है. शिवराज सिंह जी के पाप का घड़ा भर गया है. उनके पाप और जुल्मों की सजा भगवान महाकाल देंगे और महाकाल रूपी मध्य प्रदेश की जनता देगी.”

सुरजेवाला ने कहा, ”भाजपा की आदत अपने सारे नेताओं को अपमानित करने की है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (के नेतृत्व वाली केंद्र) सरकार और शिवराज (के नेतृत्व वाली राज्य) सरकार ने भाजपा के वरिष्ठ लोगों को लगातार दरकिनार किया. हिंदुस्तान का इतिहास रहा है कि जो अपने बुजुर्गों का तिरस्कार करता है, उसे भगवान भी माफ नहीं करते हैं.”

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा द्वारा मध्य प्रदेश में रविवार को भाजपा की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ को हरी झंडी दिखाने पर सुरजेवाला ने तंज कसते हुए कहा, ”नड्डा को उनके गृह राज्य (हिमाचल प्रदेश) में उनके लोगों ने ही धूल चटाई और वहां कांग्रेस की सरकार बनवाई.” उन्होंने कहा कि नड्डा का मध्य प्रदेश में आना प्रदेश की भाजपा सरकार के जाने का ”शुभ संकेत” हैं. सुरजेवाल ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रचंड बहुमत से जीतेगी और सरकार बनाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button