झारखंड में रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा: प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणा पत्र को आदिवासी समाज के विकास और युवाओं को रोजगार के लिए प्रतिबद्ध तथा महिलाओं को सशक्त बनाने वाला बताया और कहा कि उनकी पार्टी राज्य में रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में रांची में भाजपा का घोषणा पत्र जारी किया. पार्टी ने अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र का नाम दिया है. भाजपा के इस घोषणा पत्र का एक मुख्य फोकस राज्य में घुसपैठ का मुद्दा है. भाजपा ने वादा किया है कि वह सत्ता में आने पर राज्य में घुसपैठियों द्वारा कब्जाई जमीन को वापस करने के लिए कानून बनाएगी. इसके अलावा पार्टी ने 2.8 लाख सरकारी नौकरी और महिलाओं को हर माह 2,100 देने का ऐलान किया है. भाजपा ने इसके अलावा युवाओं को प्रोत्साहन राशि देने समेत कई वादे किए हैं.

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज हम एक नई उम्मीद के साथ झारखंड की जनता-जनार्दन के बीच हैं. हमारा संकल्प-पत्र आदिवासी भाई-बहनों के सम्मान के साथ-साथ विकास, युवाओं को रोजगार और राज्य की नारीशक्ति को सशक्त बनाने वाला है.” उन्होंने कहा, “हम यहां की रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं.” भाजपा झारखंड में रोटी, बेटी और माटी के मुद्दे को जोर-शोर से उठा रही है. इसके माध्यम से वह आदिवासी अस्मिता का सवाल उठाकर बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा आदिवासी महिलाओं का कथित उत्पीड़न, धर्मांतरण, जमीन पर कब्जा और धोखा देकर विवाह करने तथा इसके परिणामस्वरूप आदिवासियों की संख्या में लगातार कमी आने का मुद्दा उठा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button