भाजपा ने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की, तमिलनाडु के 15 और उम्मीदवारों की घोषणा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 22 Mar 2024 08:18 PM
भाजपा ने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की, तमिलनाडु के 15 और उम्मीदवारों की घोषणा
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनावों के लिए शुक्रवार को 16 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी. इसमें तमिलनाडु के 15 और पुडुचेरी के उम्मीदवार का नाम शामिल है. पार्टी की ओर से जारी इस सूची के मुताबिक चेन्नई उत्तर से आर सी पॉल कनगराज, तिरूवल्लूर से पॉन वी बालागणपति, तिरवन्नमलाई से ए अश्वथामन, नामक्कल से के पी रामलिंगम, त्रिपुर से ए पी मुरुगनांदम, पोलाची से के वसंतराजन, करूर से वी वी सेंथिलनाथन, चिदंबरम से श्रीमती पी कार्तियायनी, नागपत्तिनम से एस जी रमेश,तंजावुर से एम मुरुगानंदम, शिवगंगा से देवनाथन यादव, मदुरै से राम श्रीनिवासन, विरूद्धनगर से राधिका शरतकुमार और टेनकासी से बी जॉन पांडियान को उम्मीदवार बनाया गया है.

पुडुचेरी की एकमात्र लोकसभा सीट से भाजपा ने ए नमाशिवायम को पार्टी ने टिकट दिया है. इससे पहले बृहस्पतिवार को भाजपा ने पूर्व राज्यपाल तिमिलसाई सौन्दर्यराजन, पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई और केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन सहित राज्य से नौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी. इस प्रकार तमिलनाडु के लिए भाजपा ने अब तक 24 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. राज्य की 39 लोकसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा. भाजपा 2019 के लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु से एक भी सीट नहीं जीत पाई थी.

इससे पहले, भाजपा ने दो मार्च को 195 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, लेकिन इनमें से दो- भोजपुरी गायक व अभिनेता पवन सिंह और उत्तर प्रदेश के उपेंद्र रावत ने विवाद पैदा होने के बाद अपने नाम वापस ले लिये थे.
इसके बाद, भाजपा ने 13 मार्च को 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची और 21 मार्च को नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की थी.
इस प्रकार पार्टी ने अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अब तक 290 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है.
देश में 18वीं लोकसभा के लिए 19 अप्रैल से चुनाव शुरू होंगे और एक जून तक सात चरणों में मतदान संपन्न होगा. मतगणना चार जून को होगी.

 

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav