भाजपा बताए झारखंड में उसका मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन है : तेजस्वी यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Nov 2024 09:21 PM
भाजपा बताए झारखंड में उसका मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन है : तेजस्वी यादव
ऑडियो सुनें

बोकारो. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को भाजपा से पूछा कि झारखंड में उसका मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन है.  उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार स्पष्ट है. तेजस्वी ने धनबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए लोगों से कहा कि वे भाजपा से पूछें कि यदि वह झारखंड में सत्ता में आती है, तो उसका मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, क्योंकि ‘इंडिया’ गठबंधन के पास अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के बारे में स्पष्टता है.

इससे पहले दिन में, तेजस्वी ने बोकारो में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने के लिए जिम्मेदार है. उन्होंने कहा, ”केंद्र में भाजपा नीत सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है. भाजपा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि को रोकने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में नाकाम रही है.” राजद नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी राज्यों में गैर-भाजपा सरकारों को सत्ता से बाहर करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है.

तेजस्वी ने कहा, ”उन्होंने (भाजपा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव को जेल भेजा और मुझे भी जेल भेजने की कोशिश की. हम जेल जाने के नाम से डरने वाले नहीं हैं.” उन्होंने कहा, ”वे (भाजपा) असल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए हिंदू और मुस्लिम के नाम पर नफरत फैला रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu