भाजपा का केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन, ‘शीशमहल’ में करदाताओं के पैसे के दुरुपयोग का लगाया आरोप

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान करदाताओं का पैसा निजी सुख-सुविधाओं पर खर्च करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ शहर भर में प्रदर्शन किया.

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने ‘6 फ्लैगस्टाफ रोड’ स्थित अपने सरकारी आवास पर विलासिता की वस्तुओं और आधुनिक सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए. दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद केजरीवाल ने सिविल लाइंस के फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला इस महीने की शुरूआत में खाली कर दिया था.

फिरोजशाह रोड स्थित केजरीवाल के वर्तमान आवास के निकट प्रदर्शन कर रहे दिल्ली की भाजपा इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये खर्च कर ‘शीशमहल’ (फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला) में लगाई गईं शौचालय की 15 सीट गायब हैं.
सचदेवा ने कहा, ”हम लोगों को यह बताने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं कि केजरीवाल ने किस तरह करदाताओं का पैसा 12 लाख रुपये की शौचालय सीट पर खर्च किया. ऐसी 15 शौचालय सीट चोरी हो गईं.” भाजपा के आरोप पर ‘आप’ पार्टी ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा था कि भाजपा ‘फ्लैगस्टाफ रोड’ स्थित बंगले पर ”कब्जा कर” सकती है और वह दिल्ली के लोगों के लिए काम करना जारी रखेंगी, भले ही उन्हें सड़क पर बैठकर काम करना पड़े.

सचदेवा ने कहा, ”अरविंद केजरीवाल को करदाताओं के पैसे से शीशमहल में अपने लिए आलीशान सुविधाएं जुटाने पर खर्च किए गए करोड़ों रुपये का हिसाब देना होगा.” भाजपा की दिल्ली इकाई की सह-प्रभारी अलका गुर्जर ने कहा कि यह मुद्दा लोगों को सीधे तौर पर प्रभावित करता है क्योंकि इसमें करदाताओं का पैसा शामिल है और ‘आप’ को इसे ”लूटने” की इजाजत नहीं दी जा सकती.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button