यूक्रेनी मिसाइल से काला सागर बेड़े मुख्यालय पर हमला, एक सैनिक लापता: रूस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Sep 2023 10:20 PM
यूक्रेनी मिसाइल से काला सागर बेड़े मुख्यालय पर हमला, एक सैनिक लापता: रूस
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन ने रूस के काला सागर बेड़े के मुख्य मुख्यालय पर शुक्रवार को एक भीषण मिसाइल हमला किया और इसमें एक सैनिक लापता हो गया. रूसी रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी. वीडियो और तस्वीरों में क्रीमिया के सेवस्तोपोल में इमारत के ऊपर धुएं का बड़ा गुबार देखा जा सकता है. मंत्रालय ने शुरू में कहा था कि एक सैनिक मारा गया, लेकिन फिर एक बयान जारी कर कहा कि वह लापता है.

रूस द्वारा नियुक्त सेवस्तोपोल के गवर्नर मिखाइल रज्वोझायेव ने कहा कि मुख्यालय के बाहर कोई भी घायल नहीं हुआ. उन्होंने हताहत हुए अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. उन्होंने कहा कि अग्निशमनकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं. समाचार एजेंसी ‘तास’ की खबर के अनुसार बेड़े के मुख्यालय पर बड़ी संख्या में एम्बुलेंस पहुंच गई हैं. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सेवस्तोपोल पर हमले का जवाब देते हुए रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने पांच मिसाइलों को नष्ट कर दिया.

रज्वोझायेव ने कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने बेड़े मुख्यालय पर प्रभाव का उल्लेख नहीं किया.
उन्होंने शुरू में सेवस्तोपोल के निवासियों को चेतावनी दी थी कि एक और हमला होने की आशंका है और उनसे इमारतों को छोड़ने का आग्रह किया था.

बाद में उन्होंने कहा कि अब हवाई हमले का कोई खतरा नहीं है, लेकिन उन्होंने शहर के मध्य भाग में न जाने का आह्वान दोहराया.
क्रीमिया पर हाल के कई हमलों की जिम्मेदारी लेने वाले यूक्रेनी अधिकारियों ने तुरंत यह घोषणा नहीं की कि कीव ने हमला किया है.
रूसी मीडिया की खबर के अनुसार सेवस्तोपोल निवासियों ने कहा कि उन्होंने विस्फोटों की आवाज सुनी और आसमान में धुआं देखा.
एक अन्य घटनाक्रम में, दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र में जारी गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया. क्षेत्रीय गवर्नर ऑलेक्जेंडर प्रोकुडिन ने यह जानकारी दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu