अंकारा. प्रवासियों को ले जा रही एक रबर से बनी डोंगी शुक्रवार को तुर्किये के उत्तरी एजियन तट के नजदीक डूब गई. इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. गवर्नर इल्हामी अक्तास ने बताया कि तुर्किये के तट रक्षक र्किमयों ने कनाक्कले प्रांत के एसेबाट शहर के पास समुद्र से दो प्रवासियों को बचाया, जबकि दो अन्य स्वयं तट तक पहुंचने में सफल रहे.
उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि जब नाव डूबी तो उस पर कितने लोग सवार थे और तटरक्षक बल इलाके की तलाशी कर रही है.
अक्तास ने सरकारी अनाडोलु एजेंसी को बताया कि मृतकों में चार शिशु और बच्चे है. प्रवासियों की राष्ट्रीयता का तत्काल पता नहीं चल पाया है. अनाडोलु ने बताया कि दस तट रक्षक नौकाएं और दो हेलीकॉप्टर खोज और बचाव अभियान में शामिल हैं. पास के बंदरगाह पर कई एम्बुलेंस को तैयार अवस्था में रखा गया है.