बीओबी 56 करोड़ रुपये वसूलने के लिए सनी देओल के विला की करेगा नीलामी

मुंबई. बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने 56 करोड़ रुपये की वसूली के लिए अभिनेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद सनी देओल की संपत्ति को नीलामी के लिए रखा है. ऑनलाइन माध्यम से 25 अगस्त को यह नीलामी की जाएगी. गुरदासपुर से सांसद बैंक से 55.99 करोड़ रुपये के ऋण व ब्याज और जुर्माने पर चूक का सामना कर रहे हैं. उन पर यह मामला दिसंबर 2022 से जारी है.

बैंक की ओर से रविवार को जारी सार्वजनिक निविदा में कहा गया कि बैंक मुंबई के टोनी जुहू इलाके में गांधीग्राम रोड पर स्थित सनी विला की संपत्ति कुर्क की है. नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 51.43 करोड़ रुपये और 5.14 करोड़ रुपये की बयाना राशि तय की गई है.
नीलामी के लिए जारी नोटिस के अनुसार, सनी विला के अलावा 599.44 वर्ग मीटर की संपत्ति में सनी साउंड्स भी शामिल है, जो कि देओल परिवार के स्वामित्व में है. सनी साउंड्स कर्ज का कॉर्पोरेट गारंटर है. सनी के पिता एवं अभिनेता धर्मेंद्र ऋण के व्यक्तिगत गारंटर हैं.

बैंक के प्रवक्ता से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को इस संबंध में कोई अन्य विवरण नहीं दिया. ‘अभिनेता ने कब व कितना ऋण लिया था’ और ‘ऋण के लिए उसके पास अन्य गारंटी क्या है क्योंकि संपत्ति का मूल्य बकाया से कम है’ आदि सवालों पर कोई जवाब नहीं मिला. निविदा नोटिस के अनुसार, 2002 के सरफीजी अधिनियम के प्रावधानों के तहत होने वाली नीलामी को रोकने के लिए अभिनेता के पास अब भी बैंक को बकाया चुकाने का विकल्प है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button