रायपुर से लापता युवती का शव उड़ीसा में बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Dec 2022 10:24 PM
रायपुर से लापता युवती का शव उड़ीसा में बरामद

ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लापता एक महिला बैंक कर्मचारी की उड़ीसा के बलांगीर जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई है तथा शव को जला दिया गया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. रायपुर जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि निजी बैंक कर्मचारी तनु कुर्रे (26) का शव उड़ीसा के बलांगीर जिले के एक जंगल से बरामद किया गया है.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोरबा जिले की निवासी तनु 21 नवंबर को उड़ीसा के अपने पुरुष मित्र सचिन अग्रवाल (28) के साथ बलांगीर के लिए रवाना हुई थी और तब से वह लापता थी. तनु के परिजनों ने 22 नवंबर को रायपुर के पंडरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि पुलिस जब मामले की जांच कर रही थी, तब पुलिस को बलांगीर जिले में एक महिला का शव मिलने की जानकारी मिली.

इसके बाद तनु के माता-पिता के साथ पुलिस दल को पड़ोसी राज्य के लिए रवाना किया गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि तनु के माता-पिता ने शव की पहचान कर ली. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से जानकारी मिली है कि तनु को गोली मारी गई थी और उसके शरीर को जला दिया गया था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि बलांगीर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है और पूछताछ के लिए अग्रवाल को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu