रविवार को 24 उड़ानों में मिली बम होने की धमकी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Oct 2024 07:25 PM
रविवार को 24 उड़ानों में मिली बम होने की धमकी
ऑडियो सुनें

मुंबई/नयी दिल्ली.भारतीय विमानन कंपनियों के 24 उड़ानों को रविवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली. सूत्रों ने यह जानकारी दी.
सूत्रों ने बताया कि इन विमानन कपंनियों में इंडिगो, विस्तारा, एयर इंडिया और अकासा एयर शामिल हैं जिनकी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों सहित विभिन्न उड़ानों में बम होने की धमकी मिली. उन्होंने बताया कि इंडिगो, विस्तारा और एयर इंडिया की छह-छह उड़ानों को धमकियां मिलीं.

इस सप्ताह अब तक 90 से अधिक उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं जो सभी झूठी साबित हुई हैं. इंडिगो के प्रवक्ता ने एक अलग बयान में कहा कि एयरलाइन ने उड़ान संख्या 6ई 58 (जेद्दा से मुंबई), 6ई87 (कोझिकोड से दम्माम), 6ई11 (दिल्ली से इस्तांबुल), 6ई17 (मुंबई से इस्तांबुल), 6ई133 (पुणे से जोधपुर) और 6ई112 (गोवा से अहमदाबाद) में उत्पन्न स्थिति पर ध्यान दिया. विस्तारा ने कहा कि उसे छह उड़ानों यूके25 (दिल्ली से फ्रैंकफर्ट), यूके106 (सिंगापुर से मुंबई), यूके146 (बाली से दिल्ली), यूके116 (सिंगापुर से दिल्ली), यूके110 (सिंगापुर से पुणे) और यूके107 (मुंबई से सिंगापुर) को लेकर धमकी मिली है.

विस्तारा के प्रवक्ता ने बताया, ”प्रोटोकॉल के अनुरूप, सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया तथा उनके निर्देशानुसार सुरक्षा प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं.” जानकारी के मुताबिक अकासा एयर की छह उड़ानों क्यूपी 1102 (अहमदाबाद से मुंबई), क्यूपी 1378 (दिल्ली से गोवा), क्यूपी 1385 (मुंबई से बागडोगरा), क्यूपी 1406 (दिल्ली से हैदराबाद), क्यूपी 1519 (कोच्चि से मुंबई) और क्यूपी 1526 (लखनऊ से मुंबई) के लिए सुरक्षा चेतावनी प्राप्त हुई.

अकासा एयर के प्रवक्ता ने बताया, ”निर्धारित प्रक्रियाओं और छह विमानों के गहन जांच के बाद, उन्हें परिचालन की मंजूरी दे दी गई.” सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया की कम से कम छह उड़ानों को धमकी मिली है लेकिन विमानन कंपनी की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं सामने आई है.

विमानन कंपनियों को सोशल मीडिया के माध्यम से बम होने की मिली धमकियों की पृष्ठभूमि में नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने शनिवार को विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने विमानन कंपनियों को बम की झूठी धमकी देने की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त नियम लागू करने की योजना बना रहा है, जिसमें ऐसा करने वालों को ‘नो-फ्लाई’ सूची में डालना भी शामिल है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu