सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वाले दोनों आरोपी नवी मुंबई में एक माह तक रहे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 09:37 PM
सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वाले दोनों आरोपी नवी मुंबई में एक माह तक रहे
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वाले मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपी करीब एक महीने तक नवी मुंबई के पनवेल इलाके में किराये के मकान में रहे, इसी इलाके में सलमान का एक फार्महाउस है. पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.

पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में दिन के दौरान, नवी मुंबई के तीन लोगों से पूछताछ की, जिनमें मकान के मालिक, अपराध में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन के पिछले मालिक, बिक्री की सुविधा देने वाले एजेंट और जांच के हिस्से के रूप में कई अन्य लोग शामिल थे. अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने मोटरसाइकिल सलमान के घर से लगभग एक किलोमीटर दूर माउंट मैरी गिरजाघर के पास छोड़ दी थी.

उन्होंने बताया कि यह मोटरसाइकिल नवी मुंबई के पनवेल इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है. पनवेल के सहायक पुलिस आयुक्त अशोक राजपूत ने बताया कि उस व्यक्ति ने हाल ही में मोटरसाइकिल किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी. बांद्रा के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर दो लोगों ने सुबह करीब पांच बजे चार गोलियां चलाईं और मौके से भाग निकले. सलमान खान गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं.

अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि लावारिस छोड़ी गई मोटरसाइकिल पनवेल में रहने वाले एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, जिसके बाद अपराध शाखा की एक टीम वहां गई और वाहन मालिक व दो अन्य लोगों को पूछताछ के लिए ले आई.
अधिकारी के अनुसार, संदिग्ध गिरजाघर के पास वाहन छोड़कर कुछ दूर तक पैदल चले और बांद्रा रेलवे स्टेशन के लिए एक ऑटोरिक्शा लिया.

अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने वाहन के पिछले मालिक, बिक्री में मदद करने वाले एजेंट और पनवेल के हरिग्राम इलाके में स्थित उस मकान के मालिक से पूछताछ की, जिसे आरोपियों ने मार्च में किराए पर लिया था. अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक दर्जन से अधिक टीमें गठित की हैं और उनमें से कुछ को बिहार, राजस्थान और दिल्ली भेजा गया है. उन्होंने बताया, ”अभी तक हमने किसी को गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया है लेकिन कई लोगों से पूछताछ जारी है.” अधिकारियों के अनुसार, संदिग्धों ने माउंट मैरी चर्च के पास मोटरसाइकिल छोड़ दी, कुछ दूरी तक पैदल चले और बांद्रा रेलवे स्टेशन के लिए एक ऑटोरिक्शा लिया.

उन्होंने बताया कि आरोपी बोरीवली की ओर जाने वाली एक ट्रेन में चढ़े लेकिन सांताक्रूज रेलवे स्टेशन पर उतर गए और वहां से बाहर निकल गए. अधिकारी ने बताया कि पुलिस कई अन्य लोगों से भी पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर रही है और साथ ही इलाके की सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या के प्रयास) और सशस्त्र अधिनियम के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

गैलेक्सी अपार्टमेंट में गोलीबारी की घटना से परिवार सकते में है: अरबाज खान

अभिनेता सलमान खान के भाई अरबाज खान ने उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट आवास के बाहर हुई गोलीबारी को लेकर परिवार की ओर से सोमवार को एक बयान जारी कर इसे ”परेशान और व्याकुल कर देने वाली” घटना बताया और कहा कि वे पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं.

अरबाज ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर साझा किए गए एक बयान में कहा, ”सलीम खान परिवार के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलीबारी किए जाने की हालिया घटना बहुत परेशान और व्याकुल करने वाली है. स्तब्ध कर देने वाली इस घटना से हमारा परिवार सकते में है.” उन्होंने कहा कि परिवार के करीबी होने का दावा करने वाले कुछ लोग ”मीडिया में अनर्गल बयान” दे रहे हैं और इस घटना को ”प्रचार का पैंतरा” बता रहे हैं, जो सच नहीं है.

उन्होंने कहा, ”इस समय, परिवार इस अप्रिय घटना की जांच में पुलिस की मदद और सहयोग कर रहा है. हमें मुंबई पुलिस पर भरोसा है और हमें आश्वासन दिया गया है कि वे हमारे परिवार की सुरक्षा के लिए अपनी क्षमता अनुसार हर कदम उठाएंगे. आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu