रूस के वैगनर समूह को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन घोषित करेगा ब्रिटेन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 06 Sep 2023 07:49 PM
रूस के वैगनर समूह को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन घोषित करेगा ब्रिटेन
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटेन सरकार बुधवार को ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में एक प्रस्ताव पेश करेगी जिसके जरिए रूस के वैगनर समूह को आतंकवादी संगठन घोषित कर प्रतिबंध लगाया जाएगा. ब्रिटेन के गृह कार्यालय ने कहा कि प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से ब्रिटेन में वैगनर समूह का सदस्य बनना या उसका समर्थन करना अवैध होगा. देश में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से संबंधित कुछ अपराधों के लिए 14 साल की कैद हो सकती है.

गृह कार्यालय के मसौदा आदेश के तहत वैगनर की संपत्ति को भी आतंकवादी संपत्ति के रूप में चिह्नित किया जा सकता है और जब्त किया जा सकता है. ब्रिटेन ने कहा कि वैगनर समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की मौत के बाद भी समूह वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है. ब्रिटिश सरकार ने कहा कि वैगनर समूह ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में अहम भूमिका निभाई है और उसके लड़ाके सीरिया और कई अफ्रीकी देशों में भी युद्ध में शामिल रहे हैं.

भारतीय मूल की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने कहा, ”वैगनर समूह लूटपाट, यातना और बर्बर हत्याओं में शामिल रहा है. यूक्रेन, मध्य-पूर्व और अफ्रीका में इसकी गतिविधियां वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा हैं. वे (वैगनर समूह के लड़ाके) सीधे तौर पर आतंकवादी हैं और प्रतिबंध संबंधी यह प्रस्ताव ब्रिटिश कानून में इसे स्पष्ट करता है.” ब्रेवरमैन के मुताबिक, प्रतिबंध ब्रिटिश प्राधिकारियों को समूह की संपत्ति जब्त करने का अधिकार देगा. हालांकि, यह शक्ति मुख्यत? सांकेतिक है, क्योंकि ब्रिटेन में वैगनर ग्रुप के सक्रिय होने की कोई सूचना नहीं है.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पूर्व में वैगनर समूह को आतंकवादी संगठन के रूप में नामित करने का आह्वान किया था.
वैगनर समूह ने जून में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शासन के खिलाफ बगावत का ऐलान किया था. लगभग दो महीने बाद 23 अगस्त को समूह के प्रमुख प्रिगोझिन की एक विमान हादसे में कथित तौर पर मौत हो गई थी. विमान हादसे को लेकर कई तरह के कयास भी लगाए गए थे.

ब्रिटेन के गृह कार्यालय ने कहा कि प्रतिबंध आदेश पर निर्णय लेते समय उसने संगठन की गतिविधियों की प्रकृति के साथ-साथ विदेशों में ब्रिटिश नागरिकों के लिए उत्पन्न खतरे पर भी विचार किया. इस आदेश से वैगनर समूह इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) और अलकायदा जैसे अन्य प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों की सूची में शामिल हो जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu