ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सुनक ने हमास के ” भयावह और बर्बर” हमलों की निंदा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Oct 2023 07:57 PM
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सुनक ने हमास के ” भयावह और बर्बर” हमलों की निंदा की
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने इजराइल पर फलस्तीन के आतंकवादी संगठन हमास के ”भयावह और बर्बर” हमलों की निंदा की और सुरक्षा बहाल करने के लिए इजराइल का सतत सहयोग करने का संकल्प किया. इजराइल और हमास के बीच युद्ध का एक सप्ताह बीत चुका है.

प्रधानमंत्री कार्यालय 10 डाउनिंग स्ट्रीट और सोशल मीडिया पर शनिवार को जारी एक बयान में सुनक ने देश में यहूदी समुदाय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि सभी सुरक्षात्मक उपाय किए जाएंगे. सुनक की ओर से यह बयान उस वक्त आया है जब फलस्तीन समर्थक हजारों प्रदर्शनकारियों ने इजराइल विरोधी नारे लगाते हुए लंदन की सड़कों पर मार्च किया. इस संबंध में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया.

बयान में कहा गया,” इजराइल में एक सप्ताह पहले जो क्रूरता और बर्बरता की गई उसे बयां करने के लिए शब्द नहीं है. बेटियां, बेटे ,माताएं, पिता,पति,पत्नी आदि लोगों को बेरहमी से अलग किया गया.” उन्होंने कहा, ”मैं जानता हूं कि आने वाले दिन और सप्ताह बहुत कठिन होने वाले हैं. इजराइल के लोगों से मैं कहना चाहता हूं कि ब्रिटेन आपके साथ है. जो कुछ हुआ वह पूरी तरह से क्रूर कृत्य था और इजराइल को अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है. हम इजराइल को सुरक्षा बहाल करने में सहयोग देने का हर संभव प्रयास करेंगे.”

उन्होंने कहा,” ब्रिटेन में रह रहे हमारे यहूदी समुदाय, मैं जानता हूं कि आप कष्ट में हैं और इन अतंकवादी कृत्यों से परेशान है….हमने डराने वाला व्यवहार और शर्मनाक यहूदी विरोधी भावना ऑनलाइन और सड़कों पर देखी है. मैं कहता हूं: यहां नहीं. ब्रिटेन में नहीं. हमारे देश में नहीं. इस सदी में नहीं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu