कनाडा से भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की उम्मीद: विदेश मंत्रालय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Dec 2023 08:54 PM
कनाडा से भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की उम्मीद: विदेश मंत्रालय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि कनाडा को लेकर उसका प्रमुख मुद्दा उस देश में सक्रिय भारत विरोधी तत्वों को दी गई जगह को लेकर है और साथ ही उसने उम्मीद जताई कि वह भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करेगा. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भारत को उम्मीद है कि कनाडा अलगाववादियों और भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करेगा.

बागची ने कहा, ”अब भी मुख्य मुद्दा अलगाववादियों और भारत विरोधी तत्वों को दी जा रही जगह है.” खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की जून में की गई हत्या से भारतीय एजेंटों को जोड़ने के कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के आरोपों के बाद से भारत और कनाडा के संबंधों में गंभीर तनाव रहा है. ट्रूडो की ओर से सितंबर में लगाए गए इस आरोप को भारत ने सख्ती से खारिज कर दिया था.

निखिल गुप्ता मामले में भारत को तीन बार राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराई गई : विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि चेक गणराज्य की जेल में बंद निखिल गुप्ता मामले में भारत को कम से कम तीन बार राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराई गई. अमेरिका ने गुप्ता पर एक सिख अलगाववादी की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”हमे (गुप्ता मामले में) तीन बार राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराई गई.” अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने आरोप लगाया है कि गुप्ता अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखने वाले सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू को मारने की साजिश के लिए एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के साथ मिलकर काम कर रहे थे.
भारत ने आरोपों की जांच के लिए पहले ही एक जांच समिति गठित की हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu